भारतीय टीम ने बुधवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में बदलाव किया। टीम ने ऑलराउंडर रमनदीप सिंह को डेब्यू का मौका दिया। बीते 13 दिन में यह रमनदीप सिंह को मिलने वाली दूसरी बड़ी खुशखबरी हैं।

रमनदीप सिंह को मिली डेब्यू कैप

भारतीय ऑलराउंडर रमनदीप सिंह को बुधवार को उनकी इंडिया कैप मिली। हार्दिक पंड्या ने रमनदीप सिंह को यह कैप दी जिसके बाद टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी। रमनदीप सिंह को तेज गेंदबाज आवेश खान की जगह टीम में मौका मिला है।

केकेआर ने किया था रिटेन

रमनदीप सिंह को 31 अक्टूबर को भी खुशखबरी मिली थी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें चार करोड़ रुपए में रिटेन किया था। इसी टीम ने साल 2024 में उन्हें महज 20 लाख रुपए में खरीदा था। पंजाब के रहने वाले रमनदीप ने कोलकाता नाइट राइडर्स में काफी समय बिताया है। रमनदीप सिंह ने हाल ही में हुए एमर्जिंग एशिया कप में बेहतरीन खेल दिखाया था। उन्होंने अफगानिस्तान एक के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 34 गेंदों में 64 रन बनाए थे। उन्होंने इस पारी में 8 चौके और दो छक्के लगाए थे। इसी के बाद उन्हें साउथ अफ्रीका दौरे के लिए टीम इंडिया में चुना गया था।

रमनदीप सिंह का रिकॉर्ड

उन्होंने आईपीएल में 19 मैच खेले हैं जिसमें 28 की औसत से उन्होंने 170 रन बनाए हैं। टीम ने उन्हें अपने साथ बनाए रखने का फैसला किया। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए भी पांच मैच खेले थे। उन्होंने 22.50 की औसत और 112.50 की स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाए थे।

रमनदीप सिंह के घरेलू रिकॉर्ड की बात करें तो लिस्ट-A में यह खिलाड़ी 23 मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 18 पारियों में 30.53 की औसत से 397 रन बनाए हैं। टी-20 क्रिकेट में रमनदीप ने 57 मुकाबले खेले हैं। इसकी 37 पारियों में 170 की स्ट्राइक रेट से 544 रन बनाए हैं।