India Vs Pakistan T20 World Cup 2021: पाकिस्तान ने 24 अक्टूबर 2021 की रात दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इतिहास रचा। उसने आईसीसी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के खिलाफ पहली जीत हासिल की। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 16वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को जीत के लिए 152 रन का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 7 विकेट पर 151 रन बनाए। पाकिस्तान ने 17.5 ओवर में बिना विकेट खोए 152 रन बना मैच अपने नाम कर लिया।पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने नाबाद 68 (52 गेंद, 6 चौके, 2 छक्के) और मोहम्मद रिजवान (55 गेंद, 6 चौके, 3 छक्के) ने नाबाद 79 रन बनाए।

वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला 4 मार्च 1992 को खेला गया था। उसके बाद से वर्ल्ड कप में अब तक भारत और पाकिस्तान 13 बार भिड़े हैं। पाकिस्तान पहली बार जीता है। टीम इंडिया ने 11 मुकाबलों में जीत हासिल की है। एक मैच टाई रहा था।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय मैच (दोनों वनडे और एक टी20) खेले गए हैं। इस मैच से पहले भारतीय टीम ने दोनों वनडे में पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। पाकिस्तान ने दुबई में भारत के खिलाफ पहली जीत हासिल की है।

Ind vs Pak T20 World Cup 2021 Playing 11: यहां देखिए भारत-पाक टीमों की प्लेइंग इलेवन

दोनों टीमें अंतरराष्ट्रीय मंच पर दो साल बाद आमने-सामने थीं। इससे पहले 2019 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच भिड़ंत हुई थी। तब टीम इंडिया ने 89 रन से मैच जीतकर मुकाबला अपने नाम किया था।

ऋषभ पंत के लिए चीयर करती दिखीं उर्वशी रौतेला, फैंस हुए पागल

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में दोनों के बीच यह छठा मुकाबला था। इससे पहले हुए 5 में से 4 मैच में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी, जबकि एक मैच टाई रहा था। अब वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रहने का रिकॉर्ड टूट गया।

India vs Pakistan LIVE Cricket Score: यहां देखें भारत-पाक मैच का लाइव स्कोर

इससे पहले विराट कोहली ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 49 गेंद में 57 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने 31 रन देकर 3 विकेट (रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली) लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। हसन अली भी 2 विकेट लेने में सफल रहे। हारिस रऊफ के हिस्से एक सफलता हाथ लगी।

Match Ended

ICC World Twenty20, 2021

India 
151/7 (20.0)

vs

Pakistan  
152/0 (17.5)

Match Ended ( Day – Super 12 – Match 16 )
Pakistan beat India by 10 wickets

Live Updates
22:28 (IST) 24 Oct 2021
10 ओवर में नहीं मिला एक भी विकेट

10 ओवर का खेल हो चुका है, लेकिन भारतीय गेंदबाज अब तक पाकिस्तान के एक भी बल्लेबाज को पवेलियन भेजने में सफल नहीं हुए हैं। दसवें ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट का एक मौका मिला था, लेकिन वह भी हाथ से निकल गए। रिजवान और बाबर ने 10 ओवर में 71 रन बनाए।

21:45 (IST) 24 Oct 2021
पाकिस्तान 2 ओवर में बनाए 18 रन

152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। उसकी ओर से रिजवान और बाबर आजम ओपनिंग के लिए उतरे। भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए पहला ओवर लेकर आए। रिजवान ने उनकी दूसरी गेंद पर चौका और फिर अगली गेंद पर छक्का जड़ा। जसप्रीत बुमराह के अगले ओवर में बाबर आजम ने चौका जड़ा। पाकिस्तान ने 2 ओवर में बिना विकेट खोए 18 रन बना लिए हैं।

21:31 (IST) 24 Oct 2021
वरुण चक्रवर्ती पर भी होंगी निगाहें

कहना गलत नहीं होगा कि भारत की शुरुआत भयावह हुई थी, लेकिन कप्तान कोहली ने इसे काफी हद तक संभाला। पंत ने भी उनका बेहतरी साथ दिया। अंत में पंड्या और जडेजा ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि वह उनके नाम और कद के मुताबिक काफी नहीं था। शाहीन शाह ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने खिलाड़ियों को सेट अप किया और भारत के तीन सबसे बड़े विकेट लिए। भारत ने 150 का स्कोर तो पार कर लिया है, लेकिन दूसरी पारी में देखते हैं कि ओस की क्या भूमिका होती है और भारतीय गेंदबाज कैसा खेल दिखाते हैं। सभी निगाहें रहस्यमयी वरुण चक्रवर्ती पर भी होंगी, जिन पर सभी एक्सपर्ट्स ने अपना दांव खेला है।

21:14 (IST) 24 Oct 2021
शाहीन ने झटका कोहली का विकेट

शाहीन शाह अफरीदी ने 19वें ओवर में एक और सफलता हासिल की। उन्होंने कोहली को विकेट के पीछे रिजवान के हाथों कैच कराया। शाहीन की यह बैक ऑफ लेंथ शॉर्ट एंड स्लोअर गेंद थी। कोहली ने पुल करने के लिए गए लेकिन ऑफ स्टंप से गेंद काफी दूर थी। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और विकेटकीपर के दस्तानों में पहुंच गई। कोहली ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 49 गेंद में 57 रन बनाए।

21:10 (IST) 24 Oct 2021
जडेजा 13 रन बनाकर आउट

भारत ने 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रविंद्र जडेजा का विकेट गंवा दिया। जडेजा 13 रन के निजी स्कोर पर डीप मिडविकेट पर लपके गए। हसन की स्लोअर गेंद पर जडेजा चकमा खा गए। हसन की यह स्टंप की लाइन में गुड लेंथ गेंद थी लेकिन स्लोअर थी। जडेजा ने लपेटकर मारने का प्रयास किया, लेकिन टाइमिंग नहीं कर पाए और आसान सा कैच दे बैठे। जडेजा की हार्दिक पंड्या क्रीज पर आए हैं।

21:05 (IST) 24 Oct 2021
कोहली ने जड़े 3 गेंद में 2 चौके

कोहली ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर 2 रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। हसन अली की यह गेंद सीधी लाइन की गुड लेंथ गेंद थी। कोहली ने बस बल्ला अड़ाकर डीप मिडविकेट की ओर हल्के हाथ से खेल दिया और तेजी से दो रन दौड़ लिए। उन्होंने हसन के इस ओवर की दूसरी और चौथी गेंद पर चौके भी जड़े।

20:54 (IST) 24 Oct 2021
कोहली ने 3 गेंद में जड़े 2 चौके

विराट कोहली ने 15वें ओवर की दूसरी और चौथी गेंद पर चौके जड़े। उन्होंने हसन अली की गेंद पर पहले डीप लॉन्ग लेग की ओर चौका लगाया। इसके बाद कवर ड्राइव कर गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा।

20:45 (IST) 24 Oct 2021
13वें ओवर में भारत को चौथा झटका लगा

13वें ओवर में भारत को चौथा झटका लगा। शादाब खान 13वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर पंत को कैच लपक लिया। पंत ने आउट होने से पहले कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंद में 53 रन की साझेदारी की। पंत की जगह रविंद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं। उन्हें भी अच्छा स्कोर करना होगा, नहीं तो भारत के लिए परेशानी पैदा हो सकती है। शादाब की इस गेंद पर पंत ने फिर से स्वीप किया था, लेकिन टाइमिंग बिल्कुल नहीं थी, इसलिए गेंद टंग गई और फॉलोथ्रू में शादाब ने आसान कैच लपक लिया।

20:34 (IST) 24 Oct 2021
पंत ने 2 गेंद में जड़े 2 छक्के

हसन अली 12वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर पंत कोई रन नहीं बना पाए। हालांकि, दूसरी गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया। वह भी एक हाथ से। हसन की यह गुड लेंथ गेंद थी। पंत ने मिडिल स्टंप पर आती हुई गेंद को स्लॉग किया, शॉट लगाते वक्त एक हाथ से बल्ला भी छूटा लेकिन फिर भी इतना पावर कि डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से 6 रन चले गए। पंत ने अगली गेंद पर फिर छक्का लगाकर अपना स्कोर 27 गेंद में 36 रन कर लिया।

20:22 (IST) 24 Oct 2021
सूर्यकु्मार 11 रन के स्कोर पर हुए आउट

छठे ओवर की चौथी गेंद पर भारत ने सूर्यकुमार का विकेट भी गंवा दिया। हसन अली की गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने उनका शानदार कैच लपका। हसन की यह गुड लेंथ गेंद काफी बाहर थी। गेंद को अतिरिक्त उछाल भी मिला। सूर्यकुमार ने बल्ला अड़ाया था, लेकिन रिजवान ने अपने दाईं ओर डाइव लगाकर एक बेहतरीन कैच लपक लिया। सूर्यकुमार 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह ऋषभ पंत क्रीज पर आए।

19:54 (IST) 24 Oct 2021
भारत के दोनों ओपनर्स पवेलियन लौटे

भारत ने 13 गेंद के भीतर अपने दोनों ओपनर्स के विकेट गंवा दिए। रोहित शर्मा के बाद केएल राहुल ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। उन्हें भी शाहीन शाह अफरीदी ने अपना शिकार बनाया। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर राहुल बोल्ड हो गए। अफरीदी की यह गुड लेंथ गेंद मिडिल स्टंप पर पड़ने के बाद अंदर आई, राहुल लेग साइड की ओर खेलना चाहते थे, लेकिन मूवमेंट से चकमा खाए और गिल्लियां बिखर गईं। राहुल तीन रन ही बना पाए।

19:42 (IST) 24 Oct 2021
रोहित शर्मा हुए गोल्डन डक

रोहित एकदम विकेट के सामने पकड़े गए। वह एलबीडब्ल्यू हो गए। शाहीन की यह मिडिल-ऑफ लाइन में फुलर गेंद थी। रोहित ने बल्ला नीचा किया लेकिन लगा नहीं पाए और गेंद पैड पर लगकर स्लिप की ओर गई और रोहित शर्मा को पवेलियन लौटना पड़ा। उनकी जगह विराट कोहली क्रीज पर आए हैं।

19:40 (IST) 24 Oct 2021
केएल राहुल ने तीसरी गेंद पर खोला अपना और टीम का खाता

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत के अभियान की खराब शुरुआत हुई। उसने अपने पहले मैच में चौथी ही गेंद पर विकेट गंवा दिया। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत की ओर से केएल राहुल और रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की। पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी पहला ओवर लेकर आए। केएल राहुल ने उनकी तीसरी गेंद को हल्के हाथों से लेग साइड की ओर खेलकर एक रन लिया और अपना और टीम का खाता खोला।

19:14 (IST) 24 Oct 2021
दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ ये है भारत का रिकॉर्ड

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक दो अंतरराष्ट्रीय मैच (दोनों वनडे) ही खेले गए हैं। इनमें से दोनों ने भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल रही है।

19:12 (IST) 24 Oct 2021
ये है भारत की प्लेइंग इलेवन

भारत: रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

19:10 (IST) 24 Oct 2021
ये है पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन

पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फखर जमान, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, आसिफ अली, इमाद वसीम, शादाब खान, हसन अली, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी।

18:29 (IST) 24 Oct 2021
अपने 200वें मैच को यादगार बनाना चाहेंगे भुवी

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार एक बड़ी उपलब्धि के करीब हैं। अगर भुवनेश्वर कुमार को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरने का मौका मिलता है तो यह उनका 200वां टी20 मैच होगा।

17:32 (IST) 24 Oct 2021
राहुल और पंड्या स्पेशल पचासे के करीब

केएल राहुल और हार्दिक पंड्या स्पेशल पचासे के नजदीक हैं। दोनों आज अपना 50वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगे। वहीं, केएल राहुल को टी20 क्रिकेट में 5,500 रन पूरे करने के लिए 32 रन चाहिए। इसके अलावा हार्दिक पंड्या को टी20 अंतरराष्ट्रीय में 500 रन पूरे करने के लिए 16 रन की दरकार है।

17:12 (IST) 24 Oct 2021
भारतीय टीम के लिए जीत की शुभकामनाएं

रामानंद सागर के रामायण सीरियल में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के लिए भारतीय टीम सहित सभी क्रिकेट प्रेमियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। विजयी भव।