SAFF Championship, India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच मैच से सैफ चैंपियनशिप (SAFF Championship) 2023 की बेंगलुरु में शुरुआत हुई। श्री कांतिराव स्टेडियम में खेले गए इस मैच की शुरुआत से ही सुनील छेत्री की अगुआई वाली भारतीय फुटबॉल टीम ने अपना दबदबा कायम कर लिया। शुरुआती 16 मिनट के भीतर ही भारतीय टीम ने 2 गोल कर दिए थे।
हालांकि, जब पहला हॉफ खत्म होने वाला था तभी भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी में भिड़ंत हो गई। दरअसल, भारत के कोच इगोर स्टिमक की एक गलती ने तनाव बढ़ा दिया। बेहद अनुभवी कोच स्टिमक ने उस समय दखल दिया जब पाकिस्तान के अब्दुल्ला इकबाल थ्रो इन की तैयारी में थे। स्टिमक ने खिलाड़ी से गेंद रोकने की कोशिश की। पाकिस्तानी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने इसकी निंदा की।
भारतीय कोच ने जान-बूझकर विपक्षी टीम के काम में बाधा डाली
इस लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों में भिड़ंत हो गई। रेफरी प्रज्वल छेत्री और अन्य मैच अधिकारियों को दोनों पक्षों को अलग करने के लिए दखल देना पड़ा। भारतीय कप्तान सुनील छेत्री और पाकिस्तानी फुटबॉल टीम के कप्तान हसन बशीर ने भी माहौल शांत कराने में मदद की। इसके बाद रेफरी ने इगोर स्टिमक और भारतीय मैनेजर को रेड कार्ड दिखाया।
फुटबॉल के नियमों के तहत विरोधी खिलाड़ी की कार्रवाई में जान बूझकर बाधा पहुंचाने पर यही सजा है। रेफरी प्रज्वल छेत्री ने भारतीय खिलाड़ी संदेश छिंगन और पाकिस्तानी खिलाड़ी रईस नबी और पाकिस्तान के हेड कोच शहजाद अनवर को येलो कार्ड भी दिखाए। पहले हाफ के बाद इगोर स्टिमक मैदान पर खड़े नहीं रह पाए और उनकी जगह महेश गवली ने यह काम संभाला।
सुनील छेत्री ने लगाई हैट्रिक, मैदान में घुसा भारतीय कप्तान का फैन
पाकिस्तान के खिलाफ मैच की बात करें तो सुनील छेत्री ने हैट्रिक लगाई। सुनील छेत्री ने मैच के छठवें, 16वें और 73वें मिनट में गोल किए। इसमें से छठे मिनट वाला फील्ड गोल था, जबकि बाद के दोनों गोल पेनल्टी से आए थे। सुनील छेत्री की हैट्रिक से पहले उनका एक प्रशंसक मैदान में घुस आया। प्रशंसक ने सुनील छेत्री के नाम वाली टी-शर्ट पहन रखी थी।
प्रशंसक ने भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को गले लगा लिया। हालांकि, सुरक्षाकर्मी उसे तुरंत मैदान से बाहर ले गए। मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 4-0 से जीत हासिल की। टीम के लिए चौथा गोल उदांता सिंह ने मैच के 80वें मिनट में किया था। भारत का अगला मैच 24 जून को नेपाल से भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से इसी मैदान पर होना है।