एशिया कप 2025 में रविवार (21 सितंबर) को सुपर-4 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक जड़ा। पारी की शुरुआत में 2 जीवनदान मिलने के बाद दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 45 गेंद पर 58 रन बनाए। हालांकि, फरहान अपनी पारी के बजाय अर्धशतक लगाकर विवादित तरीके से जश्न मनाने के कारण चर्चा में रहे। फरहान ऐसे जश्न मनाया जिसे देखकर किसी हिंदुस्तानी का खूब खौल उठेगा।

पाकिस्तान की पारी में 10वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर फरहान ने मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही उनका अर्धशतक पूरा हुआ। 28 वर्षीय इस खिलाड़ी ने बल्ले से बंदूक चलाने का इशारा किया। इसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। सोशल मीडिया पर फरहान का सेलिब्रेशन चर्चा का केंद्र बन गया। नीचे इसका वीडियो देख सकते हैं।

अभिषेक शर्मा ने छोड़े कैच

फरहान ने 45 गेंद पर 3 छक्के और 5 चौके की मदद से 58 रन बनाए। शिवम दुबे ने उन्हें सूर्यकुमार यादव को कैच कराकर आउट किया। फरहान दो गेंदों पर 0 रन बनाकर खेल रहे थे तभी मैच की तीसरी गेंद पर अभिषेक ने थर्ड मैन क्षेत्र में उनका एक आसान कैच छोड़ दिया। फरहान ने हार्दिक पंड्या की गेंद आक्रामक शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे अभिषेक के पास गई। भारतीय खिलाड़ी इस मौके का फायदा नहीं उठा पाया।

अक्षर पटेल की गेंद पर छूटा कैच

पाकिस्तानी पारी के आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर जब फरहान 26 गेंदों पर 32 रन बनाकर खेल रहे थे तो उन्होंने एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर डाउन द ग्राउंड शॉट लगाया। अभिषेक के पास एक बार फिर कैच लेने का मौका था, लेकिन वह एक बार फिर असफल रहे और गेंद छक्के के लिए चली गई। पाकिस्तान ने भारत को 172 रन का लक्ष्य दिया।