एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान की टीमें रविवार (14 सितंबर) को आमने-सामने होंगी। टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमें 14वीं बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में होंगी।18 साल पहले दोनों के बीच 2007 टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार मुकाबला हुआ था। यह मैच टाई रहा था। बॉल आउट से इस मैच का नतीजा निकला था। इस मैच के बाद एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज में पहली बार होगा जब भारतीय टीम टी20 फॉर्मेट में रोहित शर्मा के बगैर मैदान में उतरेगी।
रोहित शर्मा ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू किया था। उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार खेला था। इसके बाद से भारत-पाकिस्तान में 11 मैच हुए। रोहित ने सभी मैच खेले। टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट से रोहित शर्मा ने संन्यास ले लिया था। ग्रुप स्टेज में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हुआ। भारत ने यह मैच जीता था। इस मैच के बाद पहली बार भारत और पाकिस्तान टी20 फॉर्मेट में आमने-सामने होंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ रोहित का साधारण प्रदर्शन
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में रोहित शर्मा का प्रदर्शन साधारण ही रहा। 12 मैच की 11 पारियों में उन्होंने 14.11 के औसत से 127 रन बनाए। 117.59 का स्ट्राइक रेट रहा है। नाबाद 30 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। वह 10 चौके और 7 छक्के ही लगा पाए।
भारत का पलड़ा भारी
भारत का टी20 फॉर्मेट में पाकिस्तान पर हमेशा पलड़ा भारी रहा है। 13 मैच में से 10 मैच (बॉल आउट समेत) भारत जीता है। पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच जीता है। पाकिस्तान आखिरी बार 2022 में भारत से जीता था। दुबई में ही यह मैच हुआ था। हालांकि, दुबई में पाकिस्तान का रिकॉर्ड अच्छा है। वह 3 में से 2 मैच जीता है।