IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाजी देखने योग्य रहा। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हावी होकर बल्लेबाजी की और मुश्किल पिच पर तेज गति से रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में 41 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर उन्होंने 65 गेंदों पर 77 रन बनाए और इस दौरान 3 छक्के और 9 चौके लगाए। यशस्वी ने इन 3 छक्कों की मदद से सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड की बराबरी की तो वहीं टेस्ट क्रिकेट में 22 साल की उम्र में 11वीं बार भारत के लिए खास कमाल किया।
यशस्वी ने की तेंदुलकर की बराबरी
यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट की किसी पारी में 5वीं बार 3 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कमाल किया। भारत की तरफ से टेस्ट की एक पारी में 3 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में यशस्वी जायसवाल ने तेंदुलकर की बराबरी कर ली जिन्होंने 5 बार ऐसा किया था। टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा बार 3 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर ऋषभ पंत और रोहित शर्मा हैं जिन्होंने 11-11 बार ऐसा किया था।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट पारियों में 3 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
11 – ऋषभ पंत
11 – रोहित शर्मा
10 – एमएस धोनी
08 – वीरेंद्र सहवाग
06 – रवींद्र जडेजा
05 – यशस्वी जायसवाल
05 – सचिन तेंदुलकर
एक कैलेंडर ईयर में यशस्वी ने जड़े 32 छक्के
टेस्ट प्रारूप में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर ब्रैंडन मैकुलम हैं जिन्होंने साल 2014 में 33 छक्के लगाए थे तो वहीं साल 2024 में यशस्वी ने टेस्ट में अब तक 32 छक्के लगाए हैं और दूसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में बेन स्टोक्स तीसरे नंबर हैं जिन्होंने साल 2022 में 26 छक्के लगाए थे।
एक कैलेंडर वर्ष में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के
33 – ब्रैंडन मैकुलम (2014)
32 – यशस्वी जायसवाल (2024)
26 – बेन स्टोक्स (2022)
22 – वीरेंद्र सहवाग (2008)
22 – एडम गिलक्रिस्ट (2005)
22 की उम्र में 11वीं बार खेली 50 प्लस की पारी
टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल ने 22 साल की उम्र में 11वीं बार 50 प्लस की पारी खेलने का कमाल किया। इस लिस्ट में पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने 21 बार 22 की उम्र में टेस्ट में 50 प्लस की पारी खेली थी जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद रवि शास्त्री ने 12 बार ऐसा किया था।
22 साल की उम्र में टेस्ट में भारत के लिए सर्वाधिक 50+ स्कोर
21 – सचिन तेंदुलकर
12 – रवि शास्त्री
11 – यशस्वी जयसवाल
09 – सुनील गावस्कर