बांग्लादेश के बाद भारत दौरे पर न्यूजीलैंड की टीम 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए आएगी। इस सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम घोषित हो गई है। न्यूजीलैंड की टीम को श्रीलंका दौरे पर 2-0 का क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भी स्क्वाड में बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, कप्तान बदल गया। इसकी जानकारी टीम घोषित होने से पहले ही आ गई थी। टॉम लैथम को टिम साउदी की जगह कप्तान नियुक्त किया गया है।
न्यूजीलैंड की टीम में मार्क चैपमैन को चोटिल केन विलियमसन के कवर के तौर पर चुना गया है। विलियमसन के पहले टेस्ट में खेलने पर सस्पेंस है। इसके अलावा माइकल ब्रेसवेल केवल पहला टेस्ट खेलेंगे। वह पिता बनने वाले हैं और स्वदेश लौट जाएंगे। उनकी जगह दूसरे और तीसरे टेस्ट में ईश सोढ़ी स्क्वाड से जुड़ेंगे।
न्यूजीलैंड टेस्ट स्क्वाड
टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (केवल पहला टेस्ट), मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, विल ओ’रुरके, एजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, ईश सोढ़ी (केवल दूसरा और तीसरा टेस्ट), टिम साउदी, केन विलियमसन, विल यंग।
भारतीय टीम के स्क्वाड का जल्द होगा ऐलान
भारतीय टीम के स्क्वाड की घोषणा नहीं हुई है। इस हफ्ते पहले टेस्ट के लिए टीम की घोषणा हो सकती है। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज वाली टीम में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है। जसप्रीत बुमराह की अगुआई वाली पेस अटैक का वर्कलोड मैनेज हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले तेज गेंदबाजी के एक-दो अन्य विकल्प आजमाए जा सकते हैं।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज
| दिन | मैच | जगह | समय |
| 16- 20 अक्टूबर 2024 | भारत बनाम न्यूजीलैंड | बेंगलुरु | सुबह 9.30 |
| 24- 28 अक्टूबर 2024 | भारत बनाम न्यूजीलैंड | पुणे | सुबह 9.30 |
| 1-5 नवंबर 2024 | भारत बनाम न्यू्जीलैंड | वानखेड़े | सुबह 9.30 |
