India vs New Zealand: विराट कोहली अपने शानदार टेस्ट करियर में सौ अलग-अलग तरीकों से आउट हुए होंगे। उसमें से उन्हें सिर्फ कुछ ही याद होंगे। हालांकि, अपनी 198वीं टेस्ट पारी में जिस अजीबोगरीब तरीके से वह आउट हुए उसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे। विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे टेस्ट की पहली पारी में मिचेल सैंटनर की एक सीधी, लो फुल टॉस गेंद को मिस कर दिया।
विराट कोहली फुल टॉस गेंद पर स्लॉग स्वीप करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बोल्ड हो गए। विराट कोहली शुरुआत में ही थोड़ा आगे निकल आये थे। शायद वह मिचेल सैंटनर को अटैक करना चाहते थे। विराट कोहली ने सोचा होगा कि बाएं हाथ के स्पिनर आमतौर पर सपाट और तेज गेंदबाजी करते हैं। ऐसे में स्लॉग स्वीप में जोखिम काफी कम रहेगा।
पुणे में बनाया है अपना सर्वोच्च टेस्ट स्कोर
बता दें कि यह वही मैदान पर जहां विराट कोहली ने 5 साल पहले अपने टेस्ट करियर की अब तक की सर्वोच्च पारी खेली थी। तब उन्होंने साउथ अफ्रीका के बेहतरीन बॉलिंग अटैक के सामने नाबाद 254 रन की पारी खेली थी। अब वह बाएं हाथ के स्पिनर की फुल टॉस पर आउट हो गये।
हालांकि, ऐसे मौके भी आते हैं जब बल्लेबाज आउट होने के पैटर्न को समझ नहीं पाते। इस बार यह एक ऐसा ही मामला था। वैसे भी विराट कोहली को मास्टर ऑफ स्पिन कहा जाता है। ऐसे में उनके इस तरह से आउट होने की उम्मीद किसी ने नहीं की होगी।
2021 से एशिया में 801 रन ही बनाए
अगर पिछले तीन साल के दौरान विराट कोहली के आउट होने पर नजर डाली जाए तो एशिया में उन्हें स्पिनर्स ने खासा परेशान किया है। विराट कोहली ने एक जनवरी 2021 से एशिया में 17 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 28 पारियों में उन्होंने 30.80 के औसत से कुल 801 रन ही बनाये हैं।
स्पिनर्स की गेंद पर 6 बार बोल्ड, 9 बार LBW
इस दौरान वह 28 में से 21 बार स्पिनर्स का शिकार बने। इन 21 में से वह 6 बार बोल्ड, एक बार स्टम्प, 2 बार विकेट के पीछे कैच, 3 बार मैदान की अन्य जगहों पर कैच और 9 बार एलबीडब्ल्यू हुए हैं। स्पिनर्स के खिलाफ वह 28.85 के औसत (एशिया में 2021 से अब तक) से ही रन बना पाये।
बाएं हाथ के स्पिनर्स से हुए खासा परेशान
स्पिनर्स में भी विराट कोहली को सबसे ज्यादा बाएं हाथ के गेंदबाजों ने परेशान किया है। वह 21 में 10 बार (5 बार बोल्ड और 5 बार एलबीडब्ल्यू) बाएं हाथ के स्पिनर की गेंद पर पवेलियन लौटे और सिर्फ 22.70 के औसत से ही रन बना पाए। वह दाएं हाथ के स्पिनर के खिलाफ 11 बार आउट (एक बार बोल्ड, 3 बार कैच, 2 बार विकेट के पीछे कैच, एक बार स्टम्प और 4 बार एलबीडब्ल्यू) हुए। इस दौरान 38.54 के औसत से रन बनाए।