चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में खेला जाएगा। भारतीय टीम का यह 13वां आईसीसी फाइनल होगा। वह 5 बार खिताब जीती है। 1983 में वह पहली बार आईसीसी फाइनल जीती थी। पिछली बार उसने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। फाइनल की बात करें तो सौरव गांगुली, विराट कोहली और गौतम गंभीर जैसे खिलाड़ियों ने यादगार पारी खेली हैं। हालांकि, सौरव गांगुली शतक लगाने वाले भारत के एकमात्र बल्लेबाज हैं।
आइए जानते 1983 वर्ल्ड कप से लेकर 2024 टी20 वर्ल्ड कप तक भारत के लिए आईसीसी फाइनल में कौन रहा सर्वश्रेष्ठ स्कोरर:
1983: भारत ने दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में 43 रनों से हराया। कपिल देव की टीम 54.4 ओवर (60 ओवर के मैच) में मात्र 183 रनों पर आउट हो गई। भारत के लिए क्रिस श्रीकांत ने सर्वाधिक 38 रन बनाए।
2000:चैंपियंस ट्रॉफी तब आईसीसी नॉकआउट टूर्नामेंट के नाम से जानी जाती थी। न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर नैरोबी जिमखाना क्लब में पहले फील्डिंग का फैसला किया। कप्तान सौरव गांगुली ने अपना स्वर्णिम दौर जारी रखा और लगातार दो शतक बनाए। उन्होंने फाइनल में 117 (130) रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
2003: वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 125 रन से हराया था। वीरेंद्र सहवाग ने 81 गेंद पर 82 रन की पारी खेली। 360 रन के टारगेट के जवाब में भारत 234 रन पर आउट हो गया।
2007: महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में भारत ने पाकिस्तान को हराकर दूसरी बार आईसीसी का खिताब जीता। गौतम गंभीर ने बेहतरीन 75 रन की पारी खेली थी।
2011: महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में भारत ने श्रीलंका को हराकर वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता। गौतम गंभीर ने 97 रन की शानदार पारी खेली।
2013: महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में भारत ने इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। बारिश से प्रभावित मैच में विराट कोहली ने 43 रन बनाए।
2014: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका से भारत को हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली ने 77 रन बनाए थे।
2017: पाकिस्तान ने भारत को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। हार्दिक पंड्या का रन आउट होना कौन भूल सकता है। उन्होंने 76 रन की पारी खेली थी।
2021: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे ने दोनों पारियों को मिलाकर 64-64 रन बनाए थे। भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
2023: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में अजिंक्य रहाणे ने दोनों पारियों को मिलाकर 135 रन बनाए थे। भारत यह मैच भी हारा था।
2023: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत की हार को कौन भूल सकता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केएल राहुल ने 67 रन बनाए थे।
2024: भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। 11 साल का सूखा समाप्त हुआ। विराट कोहली ने 76 रन बनाए। आईसीसी फाइनल में कैसा रहा है रोहित शर्मा और विराट कोहली का प्रदर्शन? क्लिक करके जानें।