भारतीय क्रिकेट टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में डैरिल मिचेल गले की फांस बन गए हैं। निर्णायक मुकाबले में भारत के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के टॉप 3 बल्लेबाजों को सस्ते में आउट कर दिया था। उसके बाद डैरिल मिचेल एक बार फिर क्रीज पर डटे और सीरीज में लगातार तीसरा फिफ्टी प्लस स्कोर बना दिया। उनका भारत के खिलाफ यह लगातार चौथा फिफ्टी प्लस स्कोर था।
डैरिल मिचेल अब भारत के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले दूसरे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बन गए। वह इस मामले में केन विलियम्सन से ही पीछे हैं। केन ने 2014 में भारत के खिलाफ वनडे में लगातार पांच बार फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए थे। इस मामले में डैरिल मिचेल ने रॉस टेलर समेत न्यूजीलैंड के चार दिग्गजों को पीछे छोड़ा।
भारत के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले कीवी बल्लेबाज
- 5 – केन विलियम्सन (2014)
- 4* – डैरिल मिचेल (2025-26)
- 3 – ग्लेन टर्नर (1975-76)
- 3 – स्टीफन फ्लेमिंग ( 1994-95)
- 3 – रोजर ट्वोस (1999)
- 3 – रॉस टेलर (2019-20)
मिचेल का तोड़ नहीं ढूंढ पा रहे भारतीय गेंदबाज
डैरिल मिचेल ने भारत के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज के पहले मैच में 84, दूसरे वनडे में नाबाद 131 और तीसरे वनडे में खबर लिखे जाने तक वह 68 रन बना चुके थे। उन्होंने राजकोट वनडे में बेहतरीन शतक जड़ा था और न्यूजीलैंड को जीत भी दिलाई थी। पिछली चार पारियों में भारत के खिलाफ यह तीसरा शतक भी था।
मिचेल का तोड़ भारतीय गेंदबाज ढूंढ नहीं पा रहे हैं। तीनों मैचों में उन्होंने टीम को संभाला है। भारत के स्पिनर्स की नाक में खासतौर से डैरिल मिचेल ने दम कर रखा है। वह स्पिन काफी अच्छी खेलते हैं। कुलदीप यादव के ऊपर उन्होंने राजकोट और फिर इंदौर में भी खूब रन बटोरे। तेज गेंदबाज भी मिचेल के आगे बेबस नजर आ रहे हैं। वह बेहतरीन फॉर्म में हैं और पिछली सात में से छह वनडे पारियों में उन्होंने फिफ्टी प्लस का स्कोर बनाया है।
