IND vs NZ 4th T20: भारत ने तीसरे टी20 मैच में रोमांचक जीत दर्ज की। उसने सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराकर सीरीज भी अपने नाम कर ली। पांच मैच की सीरीज का चौथा टी20 31 जनवरी 2020 को वेलिंगटन के वेस्टपैक स्टेडियम में खेला जाना है। हैमिल्टन से वेलिंगटन की दूरी 519.5 किमी है। चूंकि तीसरे और चौथे मैच के बीच सिर्फ एक दिन का अंतर है, ऐसे में टीम इंडिया बिना देर किए न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन पहुंची। यहां पहुंचने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने यहां के सैंडी बीचों की सैर भी की। इसमें पहले टी20 के हीरो रहे श्रेयस अय्यर भी शामिल थे।

श्रेयस अय्यर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर न्यूजीलैंड के खूबसूरत नजारों वाली तीन तस्वीरें भी पोस्ट कीं। पहली पोस्ट में वे अकेले हैं और उनका क्लोजअप है। दूसरे में उनके साथ युजवेंद्र चहल और ऋषभ पंत भी हैं। तीसरे में वे खलील अहमद के साथ समुद्र किनारे घूमते दिख रहे हैं। श्रेयस अय्यर ने इनके कैप्शन में लिखा, ‘ऐसा जलवा।’ उनकी इन तस्वीरों को अब तक हजारों लोग लाइक कर चुके हैं, जबकि सैकड़ों लोगों ने कमेंट भी किए। इसमें न्यूजीलैंड दौरे पर गई इंडिया ए वनडे टीम के खलील अहमद भी शामिल हैं।

खलील के इस कमेंट पर अब मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। kurve.akshay ने लिखा, ‘सिगरेट का कमाल है खलील सर।’ divi_ms ने रिप्लाई किया, ‘हां, उनके होंठ बहुत अच्छे हैं।’ hawk_eye098 ने लिखा, ‘खुद की औकात नहीं है बॉलिंग करने और नेशनल प्लेयर को क्रिटिसाइज कर रहे हो…।’ lazy._.elegant_ ने लिखा, ‘तुम्हारी लाइन और लेंथ से बहुत अच्छे हैं।’ mr_maheshkadam45 ने कमेंट किया, ‘आपके बॉलिंग से अच्छे हैं।’

बता दें कि श्रेयस अय्यर इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 3 मैच में 59.50 के औसत से 119 रन बनाए हैं। उन्होंने पहले टी20 में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 29 गेंद पर 58 रन बनाए थे। वे मैन ऑफ द मैच भी चुने गए थे। उन्होंने दूसरे टी20 में एक चौके और 3 छक्के के दम पर 33 गेंद पर 44 रन बनाए थे। तीसरे टी20 में वे 16 गेंद पर 17 रन ही बना पाए थे। उन्हें मिशेल सैंटनर की गेंद पर सीफर्ट ने स्टम्प किया था।