Ind vs Eng 2nd test match: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। यशस्वी ने इस पारी में भारत के लिए 209 रन बनाए और उनकी इन रनों के दम पर टीम इंडिया ने इंग्लिश टीम के खिलाफ 396 रन का स्कोर किया। यशस्वी ने अपनी इस पारी के दौरान 7 छक्के जड़े और उन्होंने ऋषभ पंत का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। यही नहीं 209 रन की पारी खेलकर उन्होंने सचिन तेंदुलकर के एक बड़े रिकॉर्ड को भी ब्रेक कर दिया।

ऋषभ पंत से आगे निकले यशस्वी जायसवाल

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी ने 7 छक्के जड़े और अब वो भारत की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ किसी टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम पर दर्ज था जिन्होंने साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की एक पारी में कुल 5 छक्के लगाए थे। अब यशस्वी ने 7 छक्के लगाकर उन्हें इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर धकेल दिया।

इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

7 छक्के- यशस्वी जायसवाल (2024)
5 छक्के- ऋषभ पंत (2021)

यशस्वी ने सचिन को छोड़ा पीछे

भारत की तरफ से 22 साल की उम्र में एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में यशस्वी जायसवाल अब चौथे नंबर पर आ गए। पहले इस स्थान पर सचिन तेंदुलकर 179 रन से साथ मौजूद थे, लेकिन यशस्वी ने 209 रन बनाकर उन्हें पांचवें नंबर पर खिसका दिया। भारत की तरफ से एक टेस्ट मैच में 22 साल की उम्र में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड विनोद कांबली के नाम पर दर्ज है जिन्होंने 227 रन की पारी खेली थी।

22 साल की उम्र में भारत के लिए सर्वोच्च टेस्ट स्कोर

227 रन – विनोद कांबली
224 रन – विनोद कांबली
220 रन – सुनील गावस्कर
209 रन – यशस्वी जायसवाल
179 रन – सचिन तेंदुलकर
171 रन – यशस्वी जायसवाल