IND vs ENG 2nd test match: टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में दोहरा शतक लगाया और कई कमाल के रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। गिल SENA में टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान बने साथ ही साथ इंग्लैंड की धरती पर दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बने।
गिल इस दोहरे शतक के साथ टेस्ट और वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने और सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गिल ने महज 25 साल की उम्र में टेस्ट और वनडे दोनों में दोहरा शतक लगाने की उपलब्धि अपने नाम पर कर ली।
रोहित, सहवाग, सचिन, गेल से आगे निकले गिल
शुभमन गिल ने टेस्ट और वनडे प्रारूप में दोहरा शतक लगाने का कमाल 25 साल की उम्र में ही कर दिया और वो क्रिकेट के दोनों प्रारूपों में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग, क्रिस गेल और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया।
रोहित शर्मा ने टेस्ट और वनडे में दोहरा शतक 32 साल की उम्र में लगाया था जबकि सहवाग ने ये कमाल 33 साल की उम्र में किया था। इसके अलावा क्रिस गेल ने ऐसा 35 साल में जबकि सचिन तेंदुलकर ने ये कमाल 36 साल की उम्र में किया था।
सबसे कम उम्र में टेस्ट/वनडे दोनों में दोहरा शतक लगाने वाले बैटर
25 वर्ष – शुभमन गिल
32 वर्ष – रोहित शर्मा
33 वर्ष – वीरेंद्र सहवाग
35 वर्ष – क्रिस गेल
36 वर्ष – सचिन तेंदुलकर
कोहली से आगे निकले गिल
शुभमन गिल अब विदेश में टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय कप्तान भी बन गए। गिल ने 25 साल 298 दिन की उम्र में इंग्लैंड में ये कमाल किया जबकि कोहली ने साल 2016 में वेस्टइंडीज में बतौर कप्तान वेस्टइंडीज में 27 साल 260 दिन की उम्र में ऐसा किया था।
टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय कप्तान (विदेश में)
25 वर्ष 298 दिन – शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन, 2025
27 वर्ष 260 दिन – विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज, नॉर्थ साउंड, 2016