रोहित शर्मा की कप्तानी में 3 मैचों की टी20 सीरीज अफगानिस्तान का क्लीन स्विप करने के बाद टीम इंडिया अब इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयार है। यह टेस्ट सीरीज भारत के लिए काफी अहम है क्योंकि अगर टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 5-0 से हरा दिया तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में पहले नंबर पर पहुंच जाएगी।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारत ने साउथ अफ्रीका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-1 की बराबरी के साथ खत्म किया था। इंग्लिश टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत 25 जनवरी से होगी और इसमें रोहित शर्मा के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका होगा।

एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने से 3 छक्के दूर हैं रोहित शर्मा

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा अगर 3 छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो वह भारत की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान बन जाएंगे। भारत की तरफ से कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले नंबर पर अभी एमएस धोनी हैं। धोनी ने बतौर कप्तान 311 पारियों में 211 छक्के लगाए थे तो वहीं रोहित शर्मा ने अब तक 116 पारियों में 209 छक्के जड़े हैं। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं जिन्होंने कप्तान के रूप में 250 पारियों में 138 छक्के लगाए थे।

बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के

एमएस धोनी – 211 छक्के (311 पारी)
रोहित शर्मा – ??? छक्के (116 पारी)
विराट कोहली – 138 छक्के (250 पारी)

टेस्ट में रोहित लगा चुके हैं 77 छक्के

टेस्ट प्रारूप की बात करें तो रोहित शर्मा ने अपने करियर में 54 मैचों में कुल 77 छक्के लगाए हैं। भारत की तरफ से टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग हैं जिन्होंने 104 टेस्ट में कुल 91 छक्के लगाए थे। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर धोनी हैं जिन्होंने 90 टेस्ट में 78 छक्के लगाए थे। रोहित अगर इस टेस्ट सीरीज में 2 छक्के लगाते हैं तो वह धोनी से आगे निकल जाएंगे और भारत के लिए टेस्ट प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ जाएंगे।