रोहित शर्मा ने कटक के बाराबती स्टेडियम में 10 पारियों का सूखा खत्म किया। रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनका यह चौथा सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित शर्मा का यह अर्धशतक 10 इंटरनेशनल पारियों के बाद आया है।

रोहित शर्मा ने इससे पहले अपना आखिरी पचासा (अर्धशतक) अक्टूबर 2024 में बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में लगाया था। उस मैच में रोहित शर्मा ने दूसरी पारी में 52 रन बनाये थे। उसके बाद से उन्होंने अगली 10 पारियों में क्रमशः 0, 8, 18, 11, 3, 6, 10, 3, 9 और 2 रन बनाये थे। इसके साथ ही रोहित शर्मा वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा।

शाहिद अफरीदी के हैं वनडे में सबसे ज्यादा छक्के

अर्धशतक पूरा करते समय रोहित शर्मा के वनडे इंटरनेशनल में अब 335 छक्के हो गए हैं। रोहित शर्मा ने 267 वनडे की 259वीं पारी में यह उपलब्धि अपने नाम की है। क्रिस गेल ने अपने करियर में 301 वनडे की 294 पारियों में 331 छक्के लगाये थे। रोहित शर्मा अब वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में सिर्फ पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी से पीछे हैं। शाहिद अफरीदी ने अपने करियर में 398 वनडे की 369 पारियों में 351 छक्के लगाये थे।

इंग्लैंड के खिलाफ टॉस के लिए सिक्का उछालते ही रोहित शर्मा ने सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, एमएस धोनी, सौरव गांगुली और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के एक और क्लब में खुद को शामिल किया। वह वनडे इंटरनेशनल में 50 या उससे ज्यादा मुकाबलों में कप्तानी करने वाले 8वें भारतीय हैं।

बतौर कप्तान सर्वाधिक वनडे मैच खेलने वाले भारतीय

  • 200 वनडे मैच: एमएस धोनी
  • 174 वनडे मैच: मोहम्मद अजहरुद्दीन
  • 146 वनडे मैच: सौरव गांगुली
  • 095 वनडे मैच: विराट कोहली
  • 079 वनडे मैच: राहुल द्रविड़
  • 074 वनडे मैच: कपिल देव
  • 073 वनडे मैच: सचिन तेंदुलकर
  • 050 वनडे मैच: रोहित शर्मा
  • 037 वनडे मैच: सुनील गावस्कर

वनडे में 2002 के बाद से 10 ओवर से पहले सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • 7: एडम गिलक्रिस्ट
  • 7: वीरेंद्र सहवाग
  • 7: ब्रेंडन मैकुलम
  • 6: क्रिस गेल
  • 5: रोहित शर्मा
  • 4: तिलकरत्ने दिलशान
  • 4: तमीम इकबाल
  • 4: डेविड वार्नर
  • 4: ट्रेविस हेड