IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट मैच में भारत ने पहले दिन 3 विकेट पर 359 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और खेल के पहले दिन भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 65 रन की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान पंत ने 2 बेहतरीन छक्के लगाए और रोहित शर्मा के 56 छक्कों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया और WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बने साथ ही WTC में ओवरऑल वो सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बैटर भी बन गए।

रोहित शर्मा को पंत ने छोड़ दिया पीछे

ऋषभ पंत ने हेडिंग्ले टेस्ट मैच की पहली पारी में पहले दिन 102 गेंदों पर नाबाद 65 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 6 चौके भी जड़े। इन 2 छक्कों की मदद से पंत अब WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बने और उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने WTC में कुल 56 छक्के लगाए थे। वहीं पंत ने खबर लिखे जाने तक WTC में कुल 58 छक्के लगा लिए हैं। WTC में अब पंत दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बने जबकि बेन स्टोक्स 83 छक्कों के साथ अब भी नंबर 1 हैं।

WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर

बेन स्टोक्स- 83 छक्के
ऋषभ पंत- 58 छक्के (खबर लिखे जाने तक)
रोहित शर्मा- 56 छक्के
यशस्वी जायसवाल- 40 छक्के
डेरिल मिचेल- 34 छक्के

आपको बता दें कि हेडिंग्ले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और फिर भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 359 रन का मजबूत स्कोर बनाया। भारत के लिए पहली पारी में पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने 101 रन की शतकीय पारी खेली जबकि केएल राहुल 42 रन के स्कोर पर आउट हुए। डेब्यू मैच की पहली पारी में साई सुदर्शन खाता भी नहीं खोल पाए और डक पर निपट गए जबकि कप्तान शुभमन गिल पहले दिन 127 रन पर नाबाद रहे तो वहीं गिल ने पंत के साथ मिलकर पहले दिन 101 रन की शतकीय साझेदारी की और पहले दिन का खेल खत्म होने तक दोनों क्रीज पर टिके हुए थे।