लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में कई रिकॉर्ड बन रहे हैं और कई रिकॉर्ड टूट रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शुक्रवार को पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए एक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। पंत ने आज विदेशी सरजमीं पर अपने 1000 टेस्ट रन पूरे कर लिए हैं।
पंत ने 29 टेस्ट पारियों में अपने टेस्ट करियर के विदेश में 1000 रन पूरे किए। वे सबसे कम पारियों में ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में इससे पहले एमएस धोनी नंबर एक पर थे जिन्होंने 32 पारियों में ऐसा किया था।
वहीं पंत और धोनी के बाद इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं फारूख इंजीनियर। उन्होंने 33 पारियों में विदेशी सरजमीं पर अपने 1000 टेस्ट रन पूरे किए थे।
ऋषभ पंत के टेस्ट करियर पर एक नजर
आपको बता दें कि ऋषभ पंत ने 2018 में इंग्लैंड के ही खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। ये उनका 23वां टेस्ट मैच है। उन्होंने टेस्ट करियर में अब तक कुल 1465 रन बनाए हैं। जिसमें से 1003 रन विदेश में उन्होंने बनाए हैं। उनके नाम 3 शतक और 6 अर्द्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वाधिक टेस्ट स्कोर है 159 रन।
Fastest to 1000 Test runs in Away matches by Indian WK
29 Inngs – Rishabh Pant*
32 Inngs – MS Dhoni
33 Inngs – F Engineer#ENGvIND— saurabh sharma (@cntact2saurabh) August 13, 2021
पंत ने बनाए उपयोगी 37 रन
पंत ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। लॉर्ड्स टेस्ट में ऋषभ पंत ने भारत की पारी को कुछ हद तक संभाला था। दूसरे दिन शुरू में ही दो विकेट गंवाने के बाद पंत ने क्रीज पर आते ही स्टेप आउट करना शुरू कर दिए। अपने आक्रामक स्टाइल में खेलते हुए पंत ने 58 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने पांच चौके भी जड़े।
इससे पहले जो रूट ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। भारत ने केएल राहुल के छठे टेस्ट शतक और रोहित शर्मा के अर्द्धशतक के दम पर पहली पारी में 364 रन बनाए।