भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के 5वें मैच की प्लेइंग 11 में 4 बदलाव किए। ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, अंशुल कम्बोज और शार्दुल ठाकुर की जगह करुण नायर, ध्रुव जुरेल, आकाशदीप और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला। भारतीय टीम ने हर मैच में प्लेइंग 11 में बादलाव किए हैं। इसके बाद भी 3 खिलाड़ी रह गए जो इस दौरे पर सिर्फ पानी पिलाते और तौलियां लेकर दौड़ते ही नजर आए।

ये 3 खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंस के बाद टॉप ऑर्डर में जगह खाली थी, लेकिन अभिमन्यु ईश्वरन को मौका नहीं मिला। साई सुदर्शन को डेब्यू का मौका मिला। इसके अलावा करुण नायर को भी नंबर 3 पर आजमाया गया। करुण की चौथे मैच की प्लेइंग 11 में वापसी हो गई।

अर्शदीप सिंह का मामला और दुर्भाग्यपूर्ण

अर्शदीप सिंह का मामला और दुर्भाग्यपूर्ण है। आकाशदीप के चोटिल होने के बाद चौथे टेस्ट में उन्हें मौका मिल सकता था, लेकिन उन्हें भी प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोट लग गई। चौथे टेस्ट में कवर के तौर पर जुड़े अंशुल कम्बोज का डेब्यू हो गया। 5वें टेस्ट में कम्बोज और बुमराह बाहर हुए, लेकिन अर्शदीप को मौका नहीं मिला। प्रसिद्ध कृष्णा और आकाशदीप की वापसी हुई।

कुलदीप यादव को क्यों नहीं मिला मौका?

दुनिया की कोई और टीम होती तो उसकी प्लेइंग 11 में कुलदीप यादव को जगह मिलती ही मिलती। चाइनामैन स्पिनर दुर्लभ ही मिलते हैं, लेकिन कुलदीप यादव को टेस्ट में मौका भी दुर्लभ ही मिलता है। कुलदीप को बाहर बैठेना का कारण है नंबर 8 तक बल्लेबाजी की चाहत। कुलदीप के न खेलने पर बार-बार सवाल होता रहा है और हर बार यही कहा गया है कि बल्लेबाजी में गहराई चाहिए।

जगदीशन भी बगैर खेले भारत लौटेंगे

अर्शदीप, कुलदीप और ईश्वरन के अलावा एन जगदीशन भी बगैर खेले भारत लौटेंगे। हालांकि, जगदीशन को 5वें टेस्ट में ऋषभ पंत के बाहर होने के बाद भारतीय टीम में जोड़ा गया। ध्रुव जुरेल का खेलना लाजमी था। पंत चोटिल नहीं होते तो जुरेल भी बगैर खेले भारत लौटे होते।