विशाखापत्तनम टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट करियर की पहली डबल सेंचुरी लगाई। उन्होंने 277 गेंद में 18 चौके और 7 छक्के की मदद से अपना दोहरा शतक पूरा किया। हालांकि डबल सेंचुरी के बाद जायसवाल की पारी ज्यादा लंबी नहीं चली और वह 209 रन बनाकर आउट हो गए। जायसवाल ने अपनी पारी में 19 चौके और 7 छक्के लगाए। जायसवाल ने इस डबल सेंचुरी के जरिए कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम कर लिए।

जायसवाल ने की गेल की बराबरी

यशस्वी जायसवाल ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर और क्रिस गेल के क्लब में एंट्री मार ली। दरअसल, जायसवाल टेस्ट करियर में बतौर ओपनर 2 बार 150 से उपर का स्कोर करने वाले संयुक्त रूप से दूसरे सबसे युवा (22 साल या उससे कम उम्र) खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले क्रिस गेल ने 2 और ग्रेम स्मिथ ने 4 बार ऐसा किया है।

IND vs ENG: छक्के और चौके के साथ यशस्वी जायसवाल ने पूरा किया दोहरा शतक, दिग्गज खिलाड़ियों के क्लब में हुए शामिल

गावस्कर के क्लब में हुई एंट्री

इसके अलावा जायसवाल 22 साल या उससे कम उम्र में कई टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय ओपनर बन गए हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर ने 4 शतक लगाए हैं। जायसवाल के नाम 2 शतक दर्ज हैं। बता दें कि यशस्वी जायसवाल सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बने हैं। उनसे पहले विनोद कांबली ने 1993 में 21 साल और 335 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था। कांबली ने इसके 20 दिन के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना लगातार दूसरा दोहरा शतक बनाया था। कांबली से पहले सुनील गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 साल 283 दिन की उम्र में यह सेंचुरी लगाई थी।

भारत ने पहली पारी में बनाए 396 रन

बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी 396 पर सिमट गई। जायसवाल ने 209 रन बनाए। उनके अलावा किसी भी खिलाड़ी ने अर्धशतक तक नहीं लगाया। शुभमन गिल 34 रन बनाकर दूसरे हाई स्कोरर रहे। रोहित शर्मा 14 रन बनाकर आउट हो गए थे। डेब्यू मैन रजत पाटीदार ने 72 गेंद में 32 रन की पारी खेली।