IND vs ENG 2nd Test: रोहित शर्मा 12 अगस्त 2021 को लॉर्ड्स के मैदान में शतक लगाने से भले ही चूक गए, लेकिन उन्होंने और केएल राहुल ने मिलकर कई रिकॉर्ड तोड़े और कइयों की बराबरी की। रोहित शर्मा ने 26वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाया।

रोहित ने मार्क वुड की पटकी हुई गेंद पर पुल कर बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का मारा। लॉर्ड्स के मैदान में यह किसी भारतीय द्वारा 7 साल बाद लगाया गया छक्का था। इससे पहले अजिंक्य रहाणे ने 2014 में लॉर्ड्स में छक्का लगाया था। रहाणे लॉर्ड्स में शतक लगाने वाले मौजूदा भारतीय टीम के इकलौते बल्लेबाज भी हैं।

रोहित के बाद केएल राहुल ने भी छक्का लगाया। राहुल ने 41वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। उन्होंने मोईन अली की लेंथ गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाया। रोहित और राहुल लॉर्ड्स में छक्का लगाने के साथ ही कपिल देव, वीनू मांकड़, एकनाथ सोलकर, अमर सिंह, नारी कॉन्ट्रैक्टर, सुनील गावस्कर, आशीष नेहरा, अजिंक्य रहाणे के क्लब में शामिल हो गए।

लॉर्ड्स में कपिल देव ने सबसे ज्यादा 8 छक्के लगाए हैं। वीनू मांकड़ के नाम 3 और एकनाथ सोलकर के नाम 2 छक्के दर्ज हैं। अन्य सभी भारतीयों ने एक-एक छक्का लगाया है। यही नहीं, रोहित शर्मा और केएल राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ अपनी शानदार ओपनिंग साझेदारी से 69 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ा।

रोहित और राहुल ने पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी की। साल 1952 के बाद पहली बार लॉर्ड्स में भारत के लिए टेस्ट मैच में 100 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई है। रोहित और राहुल से पहले वीनू मांकड़ और पंकज रॉय यह उपलब्धि हासिल करने वाले अंतिम भारतीय सलामी बल्लेबाज थे। उन्होंने 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की थी।

यही नहीं, अगस्त 2016 के बाद इंग्लैंड में खेले गए किसी टेस्ट में यह दूसरी 100 रन की ओपनिंग साझेदारी है। इससे पहले पिछले साल यानी 2020 में डोम सिबली और रोरी बर्न्स ने ओल्ड ट्रैफर्ड में ओपनिंग पार्टनरशिप की थी।

लॉर्ड्स टेस्ट में रोहित शर्मा 83 रन बनाकर आउट हुए। वह 2 रन से वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। सहवाग जुलाई 2002 में लॉर्ड्स में 84 रन बनाकर आउट हुए थे। हालांकि, उसके बाद उन्होंने नॉटिंघम में खेले गए अगले टेस्ट मैच में शतक जड़ दिया था। सहवाग का इंग्लैंड में टेस्ट में वह इकलौता शतक है।