टी20 क्रिकेट में भारतीय बैटिंग यूनिट से विस्फोटक शायद ही कोई अन्य बैटिंग यूनिट हो। बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार (13 अक्टूबर) को हैदराबाद में इसका सबूत देखने को मिला। पिच चाहें कितनी भी सपाट हो, विपक्षी गेंदबाजी चाहें जितनी कमजोर हो 120 गेंद पर 297 रन यानी 15 की औसत से रन बनाना आसान बात नहीं है। इसके लिए पहली गेंद से बाउंड्री के लिए जाने की इंटेंट दिखानी होती है। भारतीय टीम ऐसा ही कर रही है। 2023 से अबतक टीम 13 बार 200 से ज्यादा का स्कोर कर चुकी है।

शायद यही वजह है कि जब 200 से ज्यादा रन बनाने की बात आती है तो ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसी टीमें भी भारत से काफी पीछे हैं। 200 से ज्यादा रन बनाने के मामले में भारतीय टीम का टक्कर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जैसी टीमों से है। भारत ने शनिवार को 37वीं बार टी20 क्रिकेट में 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। टी20 इंटरनेशनल में ऐसा करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है। उसने 23 बार ऐसा किया है। इसके अलावा साउथ अफ्रीका ने 22 और न्यूजीलैंड ने 21 बार ऐसा किया है।

भारत ने समरसेट को पीछे छोड़ा

भारत के अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। इंग्लैंड ने 20 बार 200 से ज्यादा का स्कोर किया है। वहीं वेस्टइंडीज ने 18 बार ऐसा किया है। ओवरऑल टी20 क्रिकेट की बात करें तो भारत ने सबसे ज्यादा 37 बार 200 से ज्यादा का स्कोर किया है। उसके पीछे इंग्लैंड की काउंटी टीम समरसेट है। उसने 36 बार ऐसा किया। चेन्नई सुपर किंग्स ने 35 और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 33 और यॉर्कशायर ने 31 बार 200 से ज्यादा का स्कोर किया है।

भारत 300 से चूका, लेकिन रच दिया इतिहास; T20I में यह बड़ा रिकॉर्ड कर लिया अपने नाम

दो साल के अंदर 13 बार 200 से अधिका का स्कोर

टी20 इंटरनेशनल में एक साल में सबसे ज्यादा 200 से अधिक का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है। 2023 में उसने 7 बार ऐसा किया था। 2024 में वह 6 बार ऐसा कर चुका है। इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने 2022 में 6-6 बार ऐसा किया था। मजेदार बात यह है कि जापान ने 2024 में 7 बार 200 से ज्यादा का स्कोर किया है।