IND vs BAN, Asia Cup 2025: बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप 2025 के सुपर फोर मुकाबले में भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की शुरुआत धीमी रही थी और उन्होंने शुरुआती 9 गेंदों पर 9 रन ही बनाए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने गेयर बदला और अपने असली अंदाज में वापस आ गए। इस टीम के खिलाफ अपनी पारी के दौरान उन्होंने जैसे ही पहला छक्का लगाया उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

टी20 एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय

अभिषेक शर्मा ने जैसे ही एक छक्का लगाया वो टी20 एशिया कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले टी20 एशिया कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर रोहित शर्मा थे जिन्होंने 9 मैचों में 12 छक्के लगाए थे, लेकिन अब अभिषेक उनके आगे निकल गए।

एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर

अभिषेक शर्मा- 5 मैच 17 छक्के

रोहित शर्मा- 9 मैच 12 छक्के

अभिषेक शर्मा ने 25 गेंदों पर पूरा किया अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इस टूर्नामेंट में ये उनका दूसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। इस अर्धशतकीय पारी के दौरान अभिषेक ने 5 चौके और 3 छक्के भी लगाए। अभिषेक ने इस मैच में पावरप्ले के दौरान कुल 46 रन बनाए। अभिषेक ने पहले विकेट के लिए शुभमन गिल के साथ मिलकर 77 रन की बेहतरीन साझेदारी की। इस मैच में उन्होंने 37 गेंदों पर 5 छक्के और 6 चौकों की मदद से 75 रन की शानदार पारी खेली।