वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 (WTC Final 2023) के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम 469 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके बाद भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दोनों ओपनर्स कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल 5 गेंद के अंदर पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा को पैट कमिंस ने तो स्कॉट बोलैंड ने शुभमन गिल को पवेलियन भेजा। टीम इंडिया का स्कोर 30 रन पर 2 विकेट हो गया।

रोहित शर्मा ने दूसरी ही गेंद पर चौका जड़कर टीम इंडिया का खाता खोला। मिचेल स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत की। पैट कमिंस ने उन्हें दो ओवर बाद ही अटैक से हटा लिया। इसका कारण शुभमन गिल और रोहित शर्मा का बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के खिलाफ रिकॉर्ड है। एक छोर से कमिंस ने गेंदबाजी जारी रखी और दूसरी ओर से स्कॉट बोलैंड को लगाया, जो जोस हेजलवुड के फिट होने पर प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होते।

कैसे आउट हुए रोहित शर्मा और शुभमन गिल

रोहित शर्मा 26 गेंद पर 2 चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं शुभमन गिल 15 गेंद पर 13 र बनाकर आउट हुए। रोहित को कमिंस ने फुल लेंथ डिलीवरी की। गेंद पड़ने के बाद अदर आई और पैड पर लगी। रोहित ने गिल से बात की और रिव्यू नहीं लिया। रिप्ले में गेंद विकेट हिट कर रही थी। रिव्यू न लेकर उन्होंने अच्छा किया। शुभमन गिल 7वें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 15 गेंद पर 13 रन बनाए। बोलैंड की ऑफ स्टंप की बाहर की डिलीवरी को गिल ने छोड़ा और ऑफ स्टंप उड़ गया।

केवल 2 ओवर बाद क्यों हटाए गए मिचेल स्टार्क

पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड की इन दो गेंदों को छोड़ दें तो रोहित शर्मा और शुभमन गिल थोड़ी भी परेशानी में नहीं दिखे। मिचेल स्टार्क को सिर्फ 2 ओवर में हटाने का कारण दोनों का उनके खिलाफ रिकॉर्ड था। इस मैच से पहले रोहित शर्मा ने उनके खिलाफ 151 गेंद पर 95 रन बनाए हैं। उन्होंने 13 चौके और 1 छक्का लगाया है। शुभमन गिल ने 140 गेंद पर 130 रन बनाए हैं। उन्होंने 18 चौके और 2 छक्के जड़े हैं। स्टार्क दोनों को आउट भी नहीं कर पाए हैं।