भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली कमाल नहीं कर पाए। उसी के साथ टीम इंडिया ने भी शुरुआती तीन विकेट जल्दी गंवा दिए। भारतीय टीम पहले 10 ओवर में 3 विकेट गंवाकर सिर्फ 27 रन ही बना पाई। इसी के साथ भारतीय टीम के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। हालांकि, इससे पहले भी ऑस्ट्रेलिया ने ही भारत को परेशान किया था जब आखिरी बार भारतीय टीम पॉवरप्ले में इतने कम रन बना पाई थी।
भारत ने इससे पहले साल 2023 में चेन्नई के मैदान पर भी 10 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 27 रन ही बनाए थे। अब दो साल बाद तकरीबन फिर से भारतीय टीम ने पॉवरप्ले में उतना ही स्कोर 3 विकेट खोकर बनाया है। पॉवरप्ले में 2023 से वनडे में भारतीय टीम के यह दो सबसे कम स्कोर हैं। टॉप 5 की सूची पर नजर डालेंगे तो पांच में से तीन मौकों पर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही सबसे कम पॉवरप्ले स्कोर बना पाई है।
India vs Australia 1st ODI LIVE Cricket Score: Watch Here
पॉवरप्ले में भारत के पांच सबसे कम स्कोर (2023 से)
- 27/3 बनाम ऑस्ट्रेलिया,चेन्नई 2023
- 27/3 बनाम ऑस्ट्रेलिय, पर्थ 2025 *
- 35/2 बनाम इंग्लैंड, लखनऊ 2023
- 37/3 बनाम न्यूजीलैंड, दुबई 2025
- 39/3 बनाम ऑस्ट्रेलिया, वानखेड़े 2023
शुभमन गिल नहीं जीत पाए टॉस
भारतीय कप्तान शुभमन गिल बतौर कप्तान अपने पहले वनडे मैच में टॉस नहीं जीत पाए। इसी के साथ भारत लगातार 16वें वनडे मैच में टॉस हारा है। भारतीय टीम ने आखिरी बार वनडे वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीता था। टॉस हारने का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा और शुरू की पिच पर हरकत और ओवरकास्ट कंडीशन में भारतीय टॉप ऑर्डर के तीन बड़े खिलाड़ी अपना विकेट गंवा चुके। रोहित 8, विराट 0 और कप्तान गिल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लिहाजा भारत की शुरुआत खराब हो गई।