भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उतरने का सभी को बेसब्री से इंतजार था। सभी फैंस रोहित शर्मा और विराट कोहली को देखने के लिए बेताब थे। यह दोनों दिग्गज खिलाड़ी आखिरी बार 9 मार्च 2025 को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेलते दिखे थे। मगर अब 223 दिन बाद जब 19 अक्तूबर 2025 को दोनों नीली जर्सी में उतरे तो उनके बल्ले का कमाल नहीं दिख पाया। रोहित 8 और विराट बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इससे रो-को फैंस को बड़ा झटका लगा होगा।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल बतौर कप्तान अपने पहले वनडे मैच में टॉस हार गए। इसके बाद भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिला। भारत को पहला झटका दिया जोश हेजलवुड ने। हिटमैन 14 गेंदों पर सिर्फ 8 रन ही बना पाए और सिर्फ एक चौका उनके बल्ले से निकला। वह स्विंग को समझ नहीं पाए और बाहर जाती गेंद को छेड़ दिया। इसके बाद स्लिप पर खड़े मैट रेनशॉ ने उनका कैच पकड़ लिया।
India vs Australia 1st ODI LIVE Cricket Score: Watch Here
विराट कोहली इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे और स्टेडियम में सिर्फ कोहली, कोहली, कोहली….की गूंज थी। मगर विराट 8 गेंदों में खाता ही नहीं खोल पाए। एक बार फिर ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। मिचेल स्टार्क की ऑफ स्टंप के बाहर उछाल भरी गेंद को उन्होंने पॉइंट की तरफ खेला और कूपर कोनोली ने शानदार कैच पकड़ते हुए उन्हें पवेलियन भेजा। वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
पहली बार ऑस्ट्रेलिया में डक पर आउट हुए कोहली
विराट कोहली का यह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहला डक था। उनका ऑस्ट्रेलिया में शानदार रिकॉर्ड रहा है। मगर इस बार वह उसे दोहरा नहीं पाए। उन्होंने यहां 30 वनडे पारियों में 5 शतक और 6 अर्धशतक की बदौलत 1327 रन बनाए हैं। यह पहला ऐसा मौका था जब 30वें मुकाबले में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इस पारी को जोड़कर ओवरऑल तीनों फॉर्मेट में विराट कोहली सिर्फ तीन बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर शून्य के स्कोर पर आउट हुए हैं। जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका 39वां डक है। वहीं 2023 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 9 गेंद के डक पर आउट होने के बाद यह विराट का दूसरा सबसे ज्यादा गेंद खेलकर शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है।
करियर पर सवाल बरकरार?
रोहित और विराट के इस फ्लाप शो के बाद एक बार फिर से यह सवाल उठने लगा है कि क्या अब सही समय है जब दोनों को वनडे से भी रिटायरमेंट ले लेना चाहिए। हालांकि, अभी यह पहला वनडे ही है। इसके बाद दो मुकाबले इस सीरीज में बाकी हैं। लेकिन अगर दोनों बचे हुए मैचों में भी यह खिलाड़ी नहीं चले तो यह बड़ा सवाल होगा कि नवंबर-दिसंबर में साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए उनका चयन होता है या नहीं?