पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर टेस्ट में कॉमेंट्री करने के दौरान एक ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मुरली विजय को नाराज कर दिया। मुरली विजय ने ट्वीट कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
मुरली विजय संन्यास लेने से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर भी अपना गुस्सा निकाल चुके हैं। मुरली विजय ने आरोप लगाया था कि भारत में 30 साल से ज्यादा के खिलाड़ियों को 80 साल का बुजुर्ग समझा जाता है। उन्होने यह भी कहा था कि उनका अब बीसीसीआई के साथ समय पूरा हो चुका है।
अब जानते हैं ताजा मामला क्या है। संजय मांजरेकर ने कॉमेंट्री के दौरान कहा था, मैं भारतीय सरजमीं पर अर्धशतक को शतक में बदलने वाली की सूची में मुरली विजय को शीर्ष पर देखकर हैरान हूं। इसके बाद मुरली विजय ने ट्विटर पर लिखा, मुंबई के कुछ पूर्व खिलाड़ी कभी भी दक्षिण भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ नहीं कर सकते हैं। थोड़ा प्यार दिखाइए। मुरली विजय ने अपने ट्वीट को संजय मांजरेकर और BCCI दोनों को टैग भी किया है।
टेस्ट फॉर्मेट में भारत में खेले गए मुकाबलों में अर्धशतक को शतक में बदलने के मामले में मुरली विजय सबसे आगे रहे हैं। मुरली विजय ने 60 फीसदी अर्धशतकों को शतक में बदला है। भारत-ऑस्ट्रेलिया नागपुर टेस्ट के दौरान यही आंकड़ा टीवी पर दिखाया गया था। इस आंकड़े को देखने के बाद ही संजय मांजरेकर ने उपरोक्त टिप्पणी की थी।

मुरली विजय (Murali Vijay) ने अपने अंतरराष्ट्रीय (International) करियर के दौरान 61 टेस्ट मैच में 38.29 के औसत से 3928 रन बनाए थे। इसमें उनके 12 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। मुरली विजय ने 17 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले।
इसमें उन्होंने 21.18 के औसत से 339 रन ही बनाए। मुरली विजय ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच दिसंबर 2018 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। मुरली विजय उस टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 20 रन के स्कोर पर आउट हुए थे। पहली पारी में वह खाता नहीं खोल पाए थे।