ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में दूसरे वनडे के दौरान भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अर्धशतक जड़ा, लेकिन वह ‘हिटमैन’ वाले अवतार में नहीं दिखे। पिछले कुछ समय से रोहित शर्मा अटैकिंग अंदाज में खेलते दिखे हैं। वह पहली गेंद से गेंदबाज पर अटैक करने की कोशिश करते हैं। रोहित के इस अंदाज को काफी सराहा भी गया है, लेकिन एडिलेड में रोहित शर्मा जूझते दिखे। खासकर जोश हेजलवुड के खिलाफ।

रोहित शर्मा काफी भाग्यशाली भी रहे। शुरुआत में तो वह कई बार आउट होने से बचे। थोड़ा समय बिता तो उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट लगाए और भारत के लिए वनडे क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया।

भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने रोहित

रोहित शर्मा ने 97 गेंद पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 75.26 का रहा। वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के हैं। उन्होंने 18426 रन बनाए हैं। विराट कोहली के 14181 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा के 11249 रन हो गए हैं। सौरव गांगुली के 11221 रन हैं। गांगुली ने वनडे में 11363 रन बनाए हैं, लेकिन 142 रन उन्होंने एशिया के लिए बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया में जो सचिन-विराट नहीं कर पाए, वह रोहित शर्मा ने कर दिखाया, रचा इतिहास

रोहित शर्मा का 10 साल में सबसे धीमा अर्धशतक

रोहित शर्मा ने वनडे करियर का 59 वां अर्धशतक जड़ने के लिए 74 गेंदों का सामना किया। 2015 के बाद से यह रोहित शर्मा का सबसे धीमा अर्धशतक था। इस दौरान उन्होंने 63 बार 50 से ज्यादा का स्कोर किया है। रोहित का यह 2022 के बाद 19 वीं बार 50 से ज्यादा का स्कोर था। इस दौरान यह दूसरी बार हुआ कि उन्होंने 100 से कम के स्ट्राइक रेट से अर्धशतक जड़ा।