अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में विहान मल्होत्रा इंडिया अंडर-19 टीम के ‘संकटमोचक’ बनकर उभरे हैं। 19 साल के पंजाब के खिलाड़ी ने मंगलवार (27 जनवरी) को जिम्बाब्वे के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी खेली और इंडिया अंडर-19 टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ गेंद से मैच पलटा था। उन्होंने बांग्लादेश के जबड़े से मैच छीन ली थी।
अब जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-6 मैच में जुझारू शतक तब जड़ा जब एक तरफ से विकेट गिर रहे थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ जब विहान क्रीज पर आए तब इंडिया अंडर-19 ने 2 गेंद के अंदर कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी का विकेट गंवा दिया था। उसका स्कोर 10.5 ओवर में 101 रन पर 3 विकेट हो गया था।
विहान मल्होत्रा ने 104 गेंदों पर जड़ा शतक
इसके बाद विहान मल्होत्रा ने अभिज्ञान कुंडू के साथ 5वें विकेट के लिए 115 गेंद पर 113 रनों की साझेदारी की। फिर आरएस अंबरीश के साथ 52 रन जोड़े। खिलान पटेल के साथ सिर्फ 21 गेंदों पर 47 रनों की साझेदारी हुई। विहान ने अंडर-19 वनडे क्रिकेट में दूसरा शतक 104 गेंदों पर जड़ा। उन्होंने 49वें ओवर की चौथी गेंद पर चौके से शतक पूरा किया। यह उनकी पारी का छठा चौका था।
विहान मल्होत्रा 109 रन बनाकर नाबाद रहे
विहान 107 गेंद पर 7 चौके की मदद से 109 रन बनाकर नाबाद रहे। 101.87 का स्ट्राइक रेट रहा। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर शतक जड़ा था। उन्होंने 5 जुलाई 2025 को 121 गेंद पर 129 रन बनाए थे। इंडिया अंडर-19 ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट पर 352 रन बनाए। विहान को आईपीएल 2026 से पहले ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने साथ जोड़ा था। आरसीबी ने विहान को 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। विहान के आदर्श भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल हैं। पूरी खबर पढ़ें।
