इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन गुरुवार (6 नवंबर) को कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होने के बाद अगली ही गेंद पर आउट हो गए। पंत को तेज गेंदबाज त्सोपो मोरकी ने मिड ऑफ पर कैच कराया। पंत का विकेट बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गिरा। बाएं बाथ के बल्लेबाज ने आगे निकलकर शॉट खेलने का प्रयास किया। गेंद सीधे मिड ऑफ पर तैनात मार्क्स एकरमैन के हाथों में चली गई।

इंडिया ए के 16.2 ओवर में 41 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद पंत क्रीज पर आए। उन्होंने 3 चौके और 1 छक्के की मदद 120 के स्ट्राइक रेट से 20 गेंद पर 24 रन बनाए। पंत ने पहले देवदत्त पडिक्कल के साथ 18 और फिर ध्रुव जुरेल के साथ 27 रन की साझेदारी की। ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाएंगे, लेकिन वह 26 वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए।

दर्द से पंत का बल्ला छूटा

त्सोपो मोरकी की पहली गेंद पर पंत को चोट लगी थी। पंत बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में थे, लेकिन गेंद को ज्यादा उछाल लेते देख उन्होंने मन बदला और प्लेड करने का प्रयास किया। इस दौरान गेंद उनके बाएं हाथ के अंगूठे पर लगी। वह दर्द में दिखे और उनके हाछ से बल्ला छूट गया। वह काफी दर्द में दिख रहे थे। हालांकि, चोट गंभीर नहीं थी और फिजियो उन्हें थोड़ा उपचार दिया और फिर बल्लेबाजी के लिए तैयार हो गए।

पंत की चोट से हो रही वापसी

बता दें कि पंत चोट से उबरने के बाद इंडिया ए बनाम साउथ अफ्रीका ए अनाधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज से मैदान पर लौटे। इंग्लैंड दौरे पर उनका पैर टूट गया था। चौथे टेस्ट में उन्होंने क्रिस वोक्स को रिवर्स स्वीप खेलने का प्रयास किया था। गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद जूते पर लगी और उनका पैट टूट गया। वह तीन महीने तक मैदान से दूर रहे। पंत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम में चुना गया है।

इंडिया ए ने 86 रन पर गंवाए 5 विकेट

ऋषभ पंत जब आउट हुए तब इंडिया ए का स्कोर 25.2 ओवर में 5 विकेट पर 86 रन था। ध्रुव जुरेल 19 रन बनाकर क्रीज पर थे। इससे पहले ओपनर अभिमन्यु ईश्वरन बगैर खाता खोले आउट हुए। केएल राहुल ने 19, साई सुदर्शन ने 17 और देवदत्त पडिक्कल ने 5 रन बनाए।