एशिया कप 2023 के पहले मैच में नेपाल के खिलाफ पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद पावर हिटिंग का नमूना दिखाया। उन्होंने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 4 गगनचुंबी छक्के और 11 चौके लगाए। उन्होंने 153.52 के स्ट्राइक रेट से 71 गेंद पर 109 रन बनाए। इफ्तिखार अहमद न सिर्फ शतक जड़ा बल्कि कप्तान बाबर आजम के साथ 200 रन से ज्यादा की साझेदारी करके पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इस साझेदारी के बदौलत पाकिस्तान की टीम ने 342 रन का स्कोर खड़ा किया।

इफ्तिखार अहमद जब मैदान पर बाबर आजम का साथ देने आए तब पाकिस्तान की टीम दिक्कत में थी। टीम ने 28 ओवर के अंदर 124 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इफ्तिखार ने शुरुआत में संयम दिखाया और फिर बाद में हाथ खोले। उन्होंने 43 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद अगले 50 रन बनाने के लिए सिर्फ 24 गेंद लिए। बाबर आजम के साथ 224 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के बदौलत मुल्तान में वनडे क्रिकेट का सर्वाधिक स्कोर बना।

पढ़ें पाकिस्तान और नेपाल के बीच मैच से जुड़े अपडेट्स

इफ्तिखार अहमद ने शतक को लेकर क्या कहा?

पाकिस्तान की पारी समाप्त होने के बाद इफ्तिखार अहमद ने शतक को लेकर कहा, “शतक एक खिलाड़ी के लिए एक उपलब्धि है, जाहिर तौर पर मैं बहुत खुश हूं। जब मैं क्रीज पर गया तो गेंद ग्रिप कर रही थी, इसलिए आपको सेट होने के लिए खुद को समय देना था। बाबर एक महान खिलाड़ी हैं। दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी हैं। उनके साथ बल्लेबाजी करना अद्भुत अहसास है। वह बहुत अच्छी तरह से स्ट्राइक रोटेट करते हैं और हमने ढीली गेंद मिलने पर चौका लगाने के बारे में प्लान बनाया था। जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी विकेट बल्लेबाजी के लिए बेहतर होता गया।”

इफ्तिखार अहमद ने बासित अली की बराबरी की

पाकिस्तान के लिए सबसे तेज शतक जड़ने के मामले इफ्तिखार अहमद ने पूर्व क्रिकेटर बासित अली की बराबरी कर ली। बासित ने 1993 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 67 गेंद पर शतक जड़ा था। सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड शाहिद अफरीदी के नाम है। उन्होंने 1996 में श्रीलंका के खिलाफ 37 गेंद पर शतक जड़ा था। उन्होंने 2005 में कानपुर में 45 गेंद पर भारत के खिलाफ शतक जड़ा था। 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 53 गेंद पर शतक जड़ा था। शरजील खान ने 2016 मे मालहाइड में 61 गेंद पर शतक जड़ा था।