कनाडा के एक प्रोफेशलन बॉक्सर पीटर नोवाजेक को मैक्सिको में गिरफ्तार किया गया है। पीटर पर आरोप है कि उन्होंने एक बार में दो महिलाओं पर हमला किया। पीटर महिलाओं से छेड़खानी कर रहे थे। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो पीटर ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की नाक कई जगह से टूट गई है। महिला के कई दांत भी टूट गए हैं। दूसरी महिला के सिर में चोट लगी है।

जिस महिला की नाक कई जगह से टूटी है, वह मैक्सिको घूमने के लिए गईं थीं। डॉक्टर ने उन्हें सर्जरी की सलाह दी है। हालांकि, उनके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह अपनी सर्जरी करा पाएं। इसके लिए अब वह क्राउड फंडिंग (सोशल मीडिया पर आर्थिक मदद की गुहार) की कोशिश में जुटी हैं। पीटर नोवाजेक को बॉक्सिंग जगत में ‘हार्ट ब्रेकर’ के नाम से भी जाना जाता है।

ब्रिटिश वेबसाइट डेलीस्टार में छपी खबर के मुताबिक, घटना 4 दिसंबर की रात की है। महिला अपनी सहेली के साथ एक बार में गईं थीं। पीटर नोवाजेक भी वहीं था। पीटर दोनों महिलओं के पास गया और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। दोनों महिलाओं ने इसका विरोध किया।

इसके बाद वे दोनों बार से बाहर निकल आईं। पीटर भी उनके पीछे-पीछे चलने लगा। अचानक वह दोनों के पास पहुंचा और महिला और उनकी सहेली के चेहरे पर मुक्के बरसाने लगा। महिला की सहेली ने बताया, मेरी दोस्त की नाक कई जगह से टूट गई है। एक आंख पर भी काफी चोट आई है। उनके कुछ दांत भी टूट गए हैं। उसको अब भी सांस लेने में कठिनाई हो रही है। वैंकूवर स्थित घर लौटने से पहले मैक्सिको में उसकी सर्जरी होनी है।

महिला की सहेली ने बताया, ‘मैं और मेरी दोस्त अभी एक होटल में ठहरे हैं। मेरी सहेली को अपने ऑपरेशन से पहले अस्पताल में नियमित जांच करानी पड़ रही है। पीटर ने जब उन पर हमला किया तब वह छुट्टी पर घूमने मैक्सिको आई थी। उन्होंने ट्रैवल इंश्योरेंस नहीं ले रखा था। मेरी दोस्त को अपने चिकित्सा और आवास खर्च का भुगतान करने के लिए क्राउडफंड करना होगा।’

पीटर ने पीड़िता की सहेली को भी घूंसा मारा। सहेली के सिर में भी टांके लगे हैं, क्योंकि जमीन से टकराने पर उनका सिर फट गया था। पीटर ने 2019 में बॉक्सिंग में डेब्यू किया था। वह क्रूजर डिवीजन में चार फाइट भी लड़ चुका है। पीटर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीड़िता और उनकी सहेली का कहना है कि वे पीटर नोवाजेक से पहले कभी नहीं मिलीं। पीड़िता इस साल की शुरुआत में तब सुर्खियां में आईं थीं, जब उन्होंने अपना पीछा कर रहे एक शख्स का वीडियो बना लिया था। तब उस शख्स पर आपराधिक उत्पीड़न का आरोप लगा था।