भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के जेमी स्मिथ ने महज 80 रन पर अपना शतक पूरा किया। इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंद में शतक लगाने के मामले में जेमी स्मिथ संयुक्त तीसरे नंबर पर पहुंच गए। इंग्लैंड के लिए सबसे कम गेंद में टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड गिलबर्ट जेसोप के नाम है। गिलबर्ट जेसोप (Gilbert Jessop) ने 1902 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 गेंद में शतक बनाया था।

दूसरे नंबर पर जॉनी बेयरस्टो हैं। जॉनी बेयरस्टो ने 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 77 गेंद में अपना शतक पूरा किया था। अब तीसरे नंबर पर हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ हैं। हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान में 2022 में 80 गेंद में शतक पूरा किया था। यही नहीं, जेमी स्मिथ ने हैरी ब्रूक के साथ मिलकर और भी कई रिकॉर्ड बनाए।

ब्रूक और जडेजा ने बनाए ये 3 बड़े रिकॉर्ड

  • हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने बर्मिंघम के एजबेस्टन में छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले बर्मिंघम में छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा के नाम था। ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा ने 2022 में छठे विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी की थी। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट मैच में शुभमन गिल और रविंद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए 203 रन की साझेदारी की थी।
  • इसके अलावा हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने छठे विकेट के लिए भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया।
  • यही नहीं, हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने छठे विकेट के लिए घरेलू मैदान पर सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी बनाया।

इंग्लैंड ने 75 ओवर में बनाए 355 रन

भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड ने 75 ओवर में 5 विकेट 355 रन बनाए थे। जेमी स्मिथ और हैरी ब्रूक के बीच 323 गेंद में 271 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी थी। इसमें हैरी ब्रूक के 209 गेंद में नाबाद 140 और जेमी स्मिथ के 169 गेंद में नाबाद 157 रन थे।