सूर्यकुमार यादव को श्रीलंका में होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इंडियन एक्सप्रेस ने पहले ही बताया था कि सूर्यकुमार यादव 2026 टी20 विश्व कप में भारत का नेतृत्व करने की रेस में सबसे आगे हैं। टी20 विश्व कप 2026 भारत-श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला जाएगा। हार्दिक पंड्या को उप कप्तान भी नहीं बनाया गया।

टी20 विश्व कप में हार्दिक थे रोहित के डिप्टी

हार्दिक पंड्या पिछले महीने संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्टइंडीज में विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया के उप-कप्तान होने के साथ-साथ स्टार प्रदर्शन करने वालों में से एक थे। हार्दिक प़ंड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें टी20 फॉर्मेट में भारतीय टीम के नेतृत्व की भूमिका संभालने के लिए पसंदीदा माना जा रहा था, लेकिन बाजी सूर्यकुमार यादव के हाथ लगी।

चौंकाने वाला है फैसला

यह निर्णय चौंकाने वाला है, हार्दिक पंड्या ने ऑस्ट्रेलिया में 2022 विश्व कप के बाद भारतीय टी20 टीम की अगुआई की थी। उम्मीद थी कि वे अमेरिका में भी ऐसा करेंगे, लेकिन अक्टूबर 2023 में 50 ओवर के विश्व कप के दौरान उनके टखने में चोट लग गई। हार्दिक पंड्या ने मार्च में आईपीएल 2024 से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की, लेकिन अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति ने रोहित शर्मा को एक और आईसीसी टूर्नामेंट के लिए कप्तान बनाने का मन बना लिया था।

आईपीएल 2024 से पहले जब मुंबई इंडियंस ने टीम की कमान रोहित शर्मा से लेकर हार्दिक पंड्या को दी थी तब ऐसी अफवाहें आईं कि दोनों के बीच संबंध मधुर नहीं रहे। मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। इसके बाद ऐसी खबरें भी आईं कि रोहित की कप्तानी में हार्दिक पंड्या को शायद ही टी20 विश्व कप की टीम के लिए चुना जाए।

रोहित की जिद ने हार्दिक को दिलाई उप कप्तानी

हालांकि, जब टीम इंडिया का ऐलान हुआ तो उन्हें उप कप्तान की जिम्मेदारी दी गई। इंडियन एक्सप्रेस से टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई टीम से जुड़े जानकार लोगों ने बताया कि चयन समिति उस समय हार्दिक पंड्या को उपकप्तानी सौंपने को लेकर बहुत उत्सुक नहीं थी। हार्दिक पंड्या को उप-कप्तान बनाने का फैसला रोहित शर्मा का था।

हालांकि, बीसीसीआई और चयन समिति इस बात को स्वीकार करती है कि हार्दिक पंड्या भारतीय टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उनका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाना चाहिए, लेकिन जब उन्हें नेतृत्व की भूमिका दी जाती है तो स्थिति बदल जाती है।