COVID-19: कोरोनावायरस के प्रभावों के कारण दुनिया भर के खेलों पर असर पड़ रहा है। कई देशों के बीच टेस्ट सीरीज और वनडे सीरीज को टाल दिया गया है। यहां तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) को भी 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। इस दौरान क्रिकेटर घर पर रहकर खाली समय बिता रहे हैं। कुछ जादूगरी कर रहे हैं, तो कुछ डांस वीडियो बना रहे हैं। डांस वीडियो बनाने में हार्दिक पंड्या सबसे आगे हैं। हाल ही में पंड्या का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अश्विन भी दिखाई दे रहे हैं।

दरअसल, इंस्टाग्राम एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अश्विन और हार्दिक डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। हार्दिक का इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे अपनी मंगेतर नताशा स्टेनकोविच, भाई क्रुणाल पंड्या और भाभी पंखुड़ी शर्मा दिखाई दे रही थीं। इस वीडियो के जरिए वो घर में रहने और सकारात्मक रहने की सलाह दे रहे हैं, जिसे फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। पंड्या ने इसी साल एक जनवरी को नताशा के साथ सगाई की थी।


हार्दिक पिछले 6 महीने से पेशेवर क्रिकेट नहीं खेले हैं। वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सितंबर में सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही इस महीने उनकी वापसी हुई थी। तीन वनडे की सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसके बाद बाकी बचे दो वनडे को कोरोनावायरस के कारण रद्द कर दिया गया था। हार्दिक आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले थे, लेकिन उसे भी फिलहाल टाल दिया गया है।


दूसरी ओर, अश्विन भारतीय टेस्ट टीम के नियमति सदस्य हैं। वे हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे से लौटे हैं। वहां उन्हें एक टेस्ट में खेलने का मौका मिला था। अश्विन के पास भी आईपीएल में खेलने का मौका है। वे दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलेंगे। इससे पहले अश्विन किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान थे, लेकिन इस सीजन में पंजाब की टीम ने उन्हें दिल्ली को दे दिया।