साक्षी सिंह धोनी ने पति महेंद्र सिंह धोनी के साथ फैंस को नए साल की बधाई दी है। उन्होंने धोनी के साथ सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने धोनी की ओर इशारा करते हुए लिखा, ‘2020 इस इंसान के साथ।’ साक्षी की इस तस्वीर का संकेत है कि महेंद्र सिंह धोनी इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे। पिछले साल इंग्लैंड में हुए वनडे वर्ल्ड कप के बाद से महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। एक समय उनके संन्यास लेने की अफवाहों ने भी काफी जोर पकड़ा था, लेकिन तब धोनी ने यह कहकर सबको शांत कर दिया था कि जनवरी 2020 तक इस संबंध में उनसे कोई सवाल नहीं किया जाए।

अब साक्षी ने जो तस्वीर का कैप्शन लिखा, उसके साफ संकेत हैं कि 2020 में महेंद्र सिंह धोनी फिर से टीम इंडिया को अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं। संभवतः न्यूजीलैंड दौरे पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी वे ही उठाएं। साक्षी ने सोशल मीडिया पर जो तस्वीर पोस्ट की है, वह उनके रांची स्थित फॉर्म हाउस की लग रही है। धोनी मंगलवार सुबह ही दुबई से रांची पहुंचे हैं। वे करीब एक सप्ताह तक दुबई में रहे थे। उनके रांची एयरपोर्ट पहुंचने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी थीं।

कुछ दिन पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और कोच अनिल कुंबले ने भी धोनी की वापसी को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि धोनी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का प्रदर्शन काफी मायने रखेगा। यह इस पर निर्भर करेगा कि एमएस (धोनी) आईपीएल में कैसा प्रदर्शन करते हैं और क्या भारतीय टीम को लगता है कि विश्व कप में उनकी सेवाओं की जरूरत होगी? वे इस तरह टीम का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।

बता दें कि भारत रत्न लता मंगेशकर और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन समेत कई मशहूर हस्तियां महेंद्र सिंह धोनी से संन्यास नहीं लेने की अपील कर चुकी हैं। हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने धोनी को रियल हीरो और अपना आदर्श बताया था।