Rohit Sharma And Ritika Sajdeh 9th Wedding Anniversary: भारत की टेस्ट और वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और रितिका सजदेह की शादी को आज यानी 13 दिसंबर 2024 को 9 साल हो गये। शादी की नौवीं सालगिरह पर रितिका सजदेह ने खास अंदाज में पति रोहित शर्मा को मुबारकबाद दी। रितिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बधाई देते हुए रोहित को हर पहलू में सर्वश्रेष्ठ बताया।

रितिका सजदेह ने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं 4 तस्वीरें

रितिका ने इंस्टाग्राम पर चार तस्वीरें शेयर कीं। इनमें से तीन तस्वीरों में वह और रोहित बेटी समायरा के साथ हैं, जबकि एक में सिर्फ रितिका और रोहित सेल्फी लेते दिख रहे हैं। रितिका ने तस्वीरों के कैप्शन में लिखा, हैप्पी 9 बेबी। इसके बाद उन्होंने रेड हार्ट वाली इमोजी पोस्ट की। इसके बाद लिखा, सबसे अच्छे पिता, सबसे अच्छे पति, सबसे अच्छे दोस्त और सबसे अच्छे जो मैं कभी चाह सकती हूं। रितिका ने इसके बाद डेजर्ट आइलैंड, व्हेल इमोजी और फिर से रेड हार्ट वाली इमोजी पोस्ट की।

इमोजी का अर्थ

व्हेल इमोजी प्रकृति और महासागर से संबंधित है। ट्रापिकल वैकेशन, किसी द्वीप, निर्जन द्वीप, या समुद्र तट पर स्वर्ग के बारे में बात करते समय इस इमोजी का इस्तेमाल करते हैं। रेड हार्ट वाली इमोजी प्यार, स्नेह और देखभाल का प्रतीक है। इसका इस्तेमाल गर्मजोशी और खुशी की भावनाओं को व्यक्त करने के लिए भी किया जा सकता है।

रितिका सजदेह ने 13 दिसंबर 2024 को इंस्टाग्राम पर यह तस्वीर शेयर की।

रितिका ने 15 नवंबर 2024 को दिया था बेटे को जन्म

रोहित शर्मा ने 13 दिसंबर 2015 को बांद्रा के Taj Lands End में एक भव्य समारोह में रितिका सजदेह से शादी की थी। इस साल यह जोड़ा अपनी शादी की नौवीं सालगिरह मना रहा है। हाल ही में रोहित और रितिका के परिवार में एक और नन्हें सदस्य का आगमन हुआ है। रितिका ने 15 नवंबर 2024 को बेटे को जन्म दिया था। दोनों की एक बेटी समायरा पहले से ही है। समायरा का जन्म 30 दिसंबर 2018 को हुआ था।

रोहित शर्मा और रितिका सजदेह ने इंस्टाग्राम के जरिये बेटे के जन्म की जानकारी सार्वजनिक की थी।

बेटे के जन्म के कारण ही रोहित शर्मा पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के पहले टेस्ट (पर्थ) में हिस्सा नहीं ले पाये थे। उनकी जगह जसप्रीत बुमराह ने टीम की कमान संभाली थी। बाद में वह दूसरे टेस्ट (पिंक बॉल) से पहले ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। दूसरे टेस्ट में भारत को 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 14 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जाना है।

शादी की सालगिरह पर ही ठोका था तीसरा दोहरा शतक

खास यह है कि रोहित शर्मा ने 13 दिसंबर 2017 को मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ अपना तीसरा दोहरा शतक भी लगाया था। रोहित उस मैच में 208 रन की शानदार पारी खेलकर नाबाद रहे थे। रोहित ने बल्ले से अपने असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया और मैदान के हर कोने में चौके और छक्के लगाये थे। यह श्रीलंका के खिलाफ उनका दूसरा दोहरा शतक था। इससे पहले उन्होंने 2014 में कोलकाता में रिकॉर्ड तोड़ 264 रन बनाए थे। उनका पहला दोहरा शतक 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में आया था, जहां उन्होंने 209 रन बनाये थे। पूरी खबर यहां पढ़ें