इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में रविवार (24 मार्च) को हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस (MI) को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस (GT) ने जीत से अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही 12 साल का सूखा बरकरार रहा। 2012 के बाद मुंबई की टीम सीजन का पहला मैच कभी नहीं जीती। 2013 से 2024 के बीच उसे हर सीजन के पहले मैच में हार मिली है।
इन 12 में से 10 मैच में रोहित शर्मा ने कप्तानी की। 2013 में रिकी पोंटिंग कप्तान थे। उस मैच में भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई को हराया था। 2024 में भी यह सिलसिला जारी रहा। मुंबई ने 2024 में कप्तान बदला और इसके बाद भी उसकी किस्मत नहीं बदली। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में भी पहले मैच में उसे हार मिली। गुजरात के इस जीत के नायक मोहित शर्मा रहे। डेब्यूटेंट स्पेंसर जॉनसन ने भी अहम भूमिका निभाई। उमेश यादव ने आखिरी ओवर में पहली 2 गेंद पर छक्का और चौके खाने के बाद शानदार वापसी की।
रोहित शर्मा और बेबी एबी की शानदार साझेदारी
रोहित शर्मा ने 29 गेंद पर 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 43 रन बनाए। उन्होंने आउट होने से पहले बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस के साथ मिलकर मुंबई को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दोनों के बीच 55 गेंद पर 77 रन की साझेदारी हुई। बेबी बतौर इम्पैक्ट प्लेयर नमन धीर के आउट होने के बाद क्रीज पर आए। ब्रेविस भी अर्धशतक से चूक गए। 38 गेंद पर 46 रन बनाए। 2 चौके और 3 छक्के लगाए।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही
169 रनों का टारगेट चेज करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। इशान किशन चौथी ही गेंद पर बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने उन्हें पवेलियन भेजा। ओमरजई ने ही गुजरात को दूसरी सफलता दिलाई। नमन धीर 20 रन बनाकर आउट हुए। डेब्यू मैच में उन्होंने 10 गेंद पर 3 चौके और 1 छक्का लगाया।
15 ओवर के बाद मुंबई की टीम मजबूत स्थिति में थी
15 ओवर के बाद मुंबई की टीम मजबूत स्थिति में थी। आखिरी 5 ओवर में 45 रन चाहिए थे। डेवाल्ड ब्रेविस 37 गेंद पर 46 और तिलक वर्मा 10 गेंद पर 15 रन बनाकर क्रीज पर थे। 16वें ओवर में मोहित शर्मा ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट करके मैच को रोमांचक बना दिया। मुंबई को आखिरी 3 ओवर में 37 रन चाहिए थे। उन्होंने 18वें ओवर में टिम डेविड को पवेलियन भेजा। उन्होंने 9 रन बनाए। गिल ने 17वां ओवर राशिद खान को सौंपी। इस ओवर में सिर्फ 3 रन बने। टिम डेविड 3 और तिलक वर्मा 17 गेंद पर 19 रन बनाकर क्रीज पर थे।
गुजरात की डेथ ओवर्स में शानदार गेंदबाजी
मोहित शर्मा ने 18वें ओवर में 9 रन दिए और टिम डेविड को पवेलियन भेजा। उन्होंने 10 गेंद पर 11 रन बनाए। आखिरी 2 ओवर में 17 रन चाहिए थे। स्पेंसर जॉनसन ने 19 वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का दिया। इसके बाद शानदार वापसी की। उन्होंने सिर्फ 8 रन दिए। तिलक वर्मा और गेराल्ड कोएत्जी को पवेलियन भेजा। मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में 19 रन चाहिए थे। हार्दिक पंड्या ने उमेश यादव के पहली दो गेंद पर छक्का और चौका लगाया। उमेश ने शानदार वापसी करते हुए 2 गेंद पर 2 विकेट लिए। हार्दिक और पीयूष चावला को आउट किया। इस तरह गुजरात ने 6 रन से जीत दर्ज की।
