आईपीएल 2023 के बाद धोनी के रिटायरमेंट की अटकलों के बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने माही के लिए दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग के दरवाजे खोल दिए हैं। जी हां, ग्रीम स्मिथ ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा है कि हमें बहुत खुशी होगी अगर धोनी SA20 लीग में खेलते हैं। ग्रीम स्मिथ ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा है कि अगर धोनी जैसा खिलाड़ी हमारी लीग से जुड़ता है तो यह निश्चित रूप से हमारी लीग की लोकप्रियता के लिए बहुत ही फायदेमंद होगा। ग्रीम स्मिथ ने कहा कि अगर कभी मौका मिलता है तो मैं माही के पास जाऊंगा और उन्हें हमारी लीग में खेलने के लिए कहूंगा।

माही की फैन फॉलोइंग के फैन बने स्मिथ

ग्रीम स्मिथ ने धोनी की फैन फॉलोइंग की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि मैं हर जगह धोनी की फैन फॉलोइंग के स्तर को देखकर काफी हैरान हूं, उनकी फैन फॉलोइंग बहुत बड़ी है और दक्षिण अफ्रीका में भी लोग उन्हें प्यार करते हैं। ग्रीम स्मिथ का यह बयान धोनी के SA20 लीग में खेलने की संभावनाओं को इसलिए भी बढ़ा देता है क्योंकि स्मिथ इस लीग के कमिश्नर हैं। उन्हीं के प्रयासों की वजह से पिछले साल ही SA20 लीग का पहला संस्करण शुरू हुआ था। हालांकि पिछले साल भी धोनी के इस लीग में खेलने की अटकलें लगाई गई थीं, लेकिन आईपीएल से जुड़े रहने की वजह धोनी उस लीग में चाहकर भी नहीं खेल पाते, लेकिन अगर धोनी आईपीएल से रिटायर होते हैं तो उनके SA20 लीग में खेलने की संभावना है।

धोनी अभी आईपीएल से नहीं होने वाले रिटायर

आईपीएल के 16वें सीजन में अभी तक जो सबसे बड़ा सवाल खड़ा हुआ है वह एमएस धोनी के रिटायरमेंट का है। 16वें सीजन के आगाज से पहले यह अटकलें थी कि धोनी का यह आखिरी सीजन होगा, लेकिन 41 साल के माही ने फिलहाल संन्यास की खबरों को खारिज किया है। 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके धोनी यह सीजन तो खेलेंगे ही और हो सकता है कि वह अगले सीजन में भी नजर आएं। धोनी के करीबियों ने इस बात का दावा किया है कि धोनी एक ट्रॉफी जीतकर एक साल और खेलेंगे। धोनी के एसएटी20 लीग में खेलने की अटकलों पर स्मिथ ने कहा है- हमे अच्छा लगेगा अगर वह लीग से जुड़ेंगे, एमएस वाकई में शानदार है। भारत में धोनी के जाहिर तौर पर बहुत फैंस मौजूद है, लेकिन उसे साउथ अफ्रीका में भी पंसद किया जाता है। धोनी SA20 लीग में एक मेंटॉर के तौर पर हमारी बहुत बड़ी एसेट होगी।