Glenn Maxwell Vini Raman Marriage: ऑस्ट्रेलिया (Australia) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल जल्द ही भातवंशी विनी रमन के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। एक्ट्रेस कस्तूरी शंकर ने ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन की शादी का कार्ड अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। यह कार्ड तमिल भाषा में छपा हुआ है।
हालांकि, ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन की ओर से अब तक इस बारे में कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है। कस्तूरी शंकर ने शादी का कार्ड शेयर करते हुए लिखा, ‘ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन की शादी होने वाली है। पारंपरिक तमिल मुहूर्त पत्रिका के अनुसार, हम कह सकते हैं कि यह शादी तमिल रीति रिवाजों से होगी। क्या इसाई रीति रिवाजों से भी शादी होगी? बधाई हो ग्लेन और विनी!’
बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन करीब पांच साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों ने पिछले साल फरवरी में सगाई की थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मैक्सवेल और विनी की शादी 27 मार्च 2022 को मेलबर्न में पारंपारिक तमिल रीति रिवाज से होगी।
भारतीय मूल की विनी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहती हैं। इंस्टाग्राम प्रोफाइल के मुताबिक विनी रमन पेशे से फॉर्मासिस्ट हैं। विनी रमन के परिवार की जड़ें चेन्नई से जुड़ी हैं। हालांकि, उनका जन्म और पालन-पोषण ऑस्ट्रेलिया में हुआ। विनी ने ऑस्ट्रेलिया में फॉर्मेसी की पढ़ाई की। विनी रमन के पिता वेंकटरमन और मां विजयलक्ष्मी रमन उनके जन्म से पहले ही ऑस्ट्रेलिया जाकर बस गए थे।
विनी रमन की रिश्तेदार नंदिनी सत्यमूर्ति ने एक अंग्रेजी समाचार पत्र की खबर को ट्वीट किया। उस खबर में लिखा था, विनी के माता-पिता द्वारा दिया गया तम्ब्रह्म (तमिल ब्राह्मण) शैली का निमंत्रण उनके तमिल/वैष्णव संस्कृति के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है। हां, वे मैक्सवेल और विनी के लिए हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने की योजना बना रहे हैं।
विनी रमन और ग्लेन मैक्सवेल को एक साथ यात्रा करना पसंद है। दोनों पेरिस, लंदन, डबलिन, न्यूजीलैंड और कई अन्य देशों में साथ में स्पॉट किए गए हैं। विनी रमन से शादी के बाद मैक्सवेल भारतीय लड़की से विवाह करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले शॉन टेट भारतीय लड़की मासूम सिंघा से शादी कर चुके हैं।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शॉन टेट भी कर चुके हैं भारतीय लड़की से शादी
शॉन टेट ने 2014 में मॉडल माशूम सिंघा से शादी की थी। टेट आईपीएल 2010 में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। तभी उनकी मासूम से मुलाकात हुई थी। चार साल के बाद दोनों ने शादी की। साल 2005 में किंगफिशर कैलेंडर में मॉडलिंग के बाद मासूम चर्चा में आईं थीं। उस किंगफिशर कैलेंडर की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में हुई थी।
मासूम स्विमसूट मॉडल होने के अलावा मशहूर वाइन की मार्केटिंग भी करती हैं। उनका शॉन टेट के साथ एडिलेड में एक होटल भी है। शॉन टेट के नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2010 में लॉर्ड्स टेस्ट में 161.1 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
