मासूम चेहरे और शांत आंखों वाला छोटा सा बच्चा है अभिमन्यु मिश्रा, जो शतरंज की बिसात पर बड़े बड़ों को मात देकर 32 मोहरों और 64 खानों वाले शतरंज के खेल के सबसे ऊंचे कद वाले खिलाड़ियों में शुमार हो गया है। अभिमन्यु ने 12 वर्ष की उम्र में शतरंज का ग्रैंडमास्टर बनने के लिए जरूरी सभी उपलब्धियां हासिल कीं और सर्गे कार्जाकिन का रेकॉर्ड तोड़ा, जो उन्होंने तकरीबन 19 साल पहले 12 अगस्त 2002 में अपने नाम किया था। कार्जाकिन ने जिस उम्र में दुनिया के सबसे छोटे शतरंज ग्रैंडमास्टर का दर्जा हासिल किया था, अभिमन्यु ने उससे दो महीना पांच दिन पहले वह दर्जा हासिल किया।

अमेरिकी शतरंज फेडरेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर पांच साल पहले उसे ‘अमेरिका का सबसे छोटा शतरंज विशेषज्ञ’ बताया गया था, जिसका लक्ष्य ग्रैंडमास्टर बनना है। पांच साल बाद उसी वेबसाइट पर उसी बच्चे की फोटो का शीर्षक है, ‘शतरंज के इतिहास का सबसे कम उम्र का ग्रैंडमास्टर।’
पांच फरवरी 2009 को जन्मे अभिमन्यु ने 12 वर्ष चार महीने और 25 दिन की उम्र में शतरंज का ग्रैंडमास्टर बनने के लिए जरूरी सभी उपलब्धियां हासिल कीं। इससे पहले अभिमन्यु मिश्रा ने भारत के आर प्रज्ञानंद का रेकॉर्ड तोड़कर सिर्फ दस साल की उम्र में दुनिया का सबसे कम उम्र का इंटरनेशनल मास्टर होने का गौरव हासिल किया था। प्रज्ञानंद ने 10 साल, 10 महीने और 19 दिन की उम्र में इंटरनेशनल मास्टर बनकर यह रेकॉर्ड बनाया था, जबकि अभिमन्यु ने 2019 में दस साल नौ महीने और 20 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया।

अभिमन्यु के हाथों सबसे कम उम्र का ग्रैंडमास्टर रेकॉर्ड गंवाने वाले रूस के सर्गे कार्जाकिन ने कहा, ‘रेकॉर्ड को बने हुए करीब 20 बरस बीत चुके थे और यह एक लंबा वक्त है, लेकिन फिर भी इसे कभी न कभी टूटना तो था ही। मुझे हमेशा ऐसा लगता था कि कोई भारतीय खिलाड़ी इसे जल्दी ही तोड़ देगा।’ कार्जाकिन ने अभिमन्यु को लेकर कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि वह एक दिन दुनिया का शीर्ष शतरंज खिलाड़ी बनेगा। यह उसके उजले भविष्य की शुरुआत भर है।’ भारत में जन्मे अभिमन्यु के माता-पिता सुमन शर्मा और हेमंत मिश्रा आगरा और भोपाल से ताल्लुक रखते हैं और दोनो ही न्यूजर्सी में एक डाटा मैनेजमेंट कंपनी में काम करते हैं।

अभिमन्यु की एक छोटी बहन है रिद्धिमा। सुमन का कहना है कि अभिमन्यु बहुत छोटी उम्र से ही मुश्किल जिगसॉ पजल (चित्रखंड पहेलियां) बड़ी आसानी से हल कर लेता था। पांच साल की उम्र में उसने 300 चित्रखंड की एक पहेली सिर्फ तीन घंटे में हल कर दी थी। शतरंज से अभिमन्यु का परिचय उनके पिता हेमंत मिश्रा ने कराया जो कॉलेज में और नौकरी के दौरान शतरंज खेला करते थे। शुरू में अभिमन्यु ने न्यूजर्सी में ही एक रूसी कोच से शतरंज के शुरुआती गुर सीखे और फिर ‘किंग्स एंड क्वींस अकादमी’ में छोटे-छोटे मोहरों से बड़े बड़े रेकॉर्ड बनाने निकल पड़े। सात साल, छह महीने और 22 दिन की उम्र में यूएस चैस फेडरेशन ने उन्हें शतरंज का सबसे छोटा विशेषज्ञ बताया। उनसे पहले यह दर्जा अवोंडर लियांग के पास था, जो उन्होंने आठ साल और सात दिन की उम्र में हासिल किया था।