इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। स्टोक्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले मैनचेस्टर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में पहली पारी में शतक लगाया था। अब उन्होंने दूसरी पारी में तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। स्टोक्स ने पहली पारी में 356 गेंद का सामना करने के बाद 176 रन की पारी खेली थी। पहली पारी में उनका स्ट्राइक रेट 49.44 का था। दूसरी पारी में स्टोक्स का स्ट्राइक 136.84 का रहा। उन्होंने 57 गेंद पर 78 रन बनाए।

इंग्लैंड ने पहली पारी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 182 रन की बढ़त हासिल करने के बाद दूसरी पारी में स्टोक्स को ओपनिंग बल्लेबाजी के लिए भेज दिया। उनके साथ उतरे विकेटकीपर जोस बटलर। दोनों ने नियमित ओनपर रोरी बर्न्स और डोमिनिक सिबली का स्थान लिया। हालांकि, बटलर खाता खोले बगैर आउट हो गए, लेकिन स्टोक्स ने विंडीज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। इसमें वेस्टइंडीज के फील्डर्स ने भी उनका भरपूर साथ दिया। उन्हें दो बार जीवनदान दिया।

तूफानी अर्धशतक के बाद स्टोक्स ट्विटर पर ट्रेंड होने लगे। लोग तरह-तरह के मीम्स शेयर करने लगे। स्टोक्स ओपनिंग करते हुए इंग्लैंड के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। साथ ही टेस्ट इतिहास में यह उनका दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने इससे पहले इसी साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 34 गेंद पर अर्धशतक लगा दिया था। साथ ही स्टोक्स 2017 के बाद सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले ओपनर भी हैं। पिछली बार डेविड वॉर्नर ने 23 गेंद पर अर्धशतक लगाया था।

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। कोरोना के खौफ के बीच यह पहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज है। विंडीज ने साउथैम्पटन में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड को हराया था। उस मुकाबले में बेन स्टोक्स ही टीम के कप्तान थे। सोशल मीडिया पर स्टोक्स के फैंस यह चर्चा करने लगे हैं कि उन्हें किसी भी क्रम पर भेज दो वे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सकते हैं। रोचक बात यह है कि स्टोक्स अब इंग्लैंड के लिए 1 से लेकर 11 नंबर तक बल्लेबाजी करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।