इंग्लैंड ने 4 मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में 9 फरवरी 2021 को भारत को 227 रन से हरा दिया। इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम को उसके घरेलू मैदान पर 9 साल बाद हराया है। इससे पहले उसने 15 नवंबर 2012 को अहमदाबाद के मैदान पर भारत के खिलाफ 9 विकेट से जीत हासिल की थी।

इसके साथ ही इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट में विदेशी मैदान पर जीत का छक्का भी लगाया। विदेशी मैदान पर इंग्लैंड की टीम को आखिरी हार 26 दिसंबर 2019 को मिली थी। तब दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन के मैदान पर इंग्लैंड के 107 रन से हराया था। उसके बाद इंग्लैंड ने विदेशी मैदान पर 6 टेस्ट मैच खेले और सभी में जीत हासिल की। उसने जनवरी 2020 में केपटाउन, पोर्ट एलिजाबेथ और जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 टेस्ट मैच खेले।

इंग्लैंड ने उन तीन  टेस्ट मैच में क्रमशः 189 और एक पारी और 53 रन और 191 रन से जीत हासिल की। इसके बाद जनवरी 2021 में इंग्लैंड ने श्रीलंका का दौरा किया। वहां उसने दो टेस्ट मैच खेले। दोनों मैच गाले के मैदान पर हुए। इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 7 और दूसरे टेस्ट मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की।

भारतीय टीम घरेलू मैदान पर 4 साल बाद हारी है। इससे पहले भारत को आखिरी बार उसके घर में ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट क्रिकेट में मात दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने 23 फरवरी 2017 को पुणे में भारत को 333 रनों से हराया था। उसके बाद से भारत का यह 15वां टेस्ट मैच है। इन 15 टेस्ट मैचों में भारत ने 11 में जीत हासिल की है, जबकि 3 ड्रॉ रहे थे।

इस हार से भारत का घरेलू मैदान पर 14 जनवरी 2018 से चला आ रहा लगातार 8 जीत का सिलसिला भी टूट गया। यही नहीं, भारत की पिछले 10 साल में टेस्ट मैच में घरेलू मैदान पर यह चौथी हार है। इससे पहले इंग्लैंड ने उसे 2 और ऑस्ट्रेलिया ने एक टेस्ट मैच में हराया (पिछले 10 साल में) था।

इंग्लैंड की रनों के लिहाज से भारतीय मैदान पर यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2006 में मुंबई में भारत को 212 रन से हराया था। टीम इंडिया चेन्नई के स्टेडियम में 22 साल बाद टेस्ट मैच हारी है। उसे इस मैदान पर पिछली बार जनवरी 1999 में पाकिस्तान के हाथों मिली थी। तब पाकिस्तान ने भारत को 12 रन से हराया था। साल 1999 के बाद से भारत ने चेन्नई में अब तक 9 टेस्ट मैच खेले। इनमें से उसे पांच में जीत मिली, जबकि 3 मैच ड्रॉ रहे थे।