इंग्लैंड और पाकिस्तान की बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच साउथैम्प्टन के द रोज बाउल मैदान पर चल रहा है। आज यानी 16 अगस्त 2020 को मैच का चौथा दिन था, लेकिन यह पिछले दिनों की तरह यह भी बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश थमती नहीं देख अंपायरों ने चायकाल के बाद ही स्टंप्स का ऐलान कर दिया। बारिश के कारण आज सिर्फ 10.2 ओवरों का खेल ही हो पाया।

आज पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 223 रन के आगे खेलना शुरू किया। टीम के खाते में 13 रन और जुड़े थे कि मोहम्मद रिजवान 72 रन बनाकर स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर जैक क्राउले के हाथों लपक लिए गए। इस तरह इस मैच में पाकिस्तान की पहली पारी 236 रन पर ऑलआउट हुई।

इंग्लैंड की ओर से जैक क्राउले और रोरी बर्न्स ने पारी की शुरुआत की। पाकिस्तान के लिए पहला ओवर शाहीन शाह अफरीदी लेकर आए। उन्होंने चौथी ही गेंद पर रोरी बर्न्स को पवेलियन की राह दिखा दी। दूसरी स्लिप पर खड़े शफीक ने बर्न्स का कैच लपका। बर्न्स की जगह डॉमिनिक सिबले क्रीज पर आए। दिन का खेल जब खत्म घोषित किया गया उस समय क्राउले 5 और सिबले 2 रन पर नाबाद थे। इंग्लैंड का स्कोर 5 ओवर में एक विकेट पर 7 रन था।

Live Blog

21:06 (IST)16 Aug 2020
इंग्लैंड बना पाया सिर्फ 7 रन

साउथैम्प्टन में चल रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में बारिश बाधा बनी हुई है। चौथा दिन भी बारिश की भेंट चढ़ चुका है। चौथे दिन का खेल जब समाप्त घोषित किया गया, उस समय इंग्लैंड का स्कोर पहली पारी में 5 ओवर में एक विकेट पर 7 रन था। बता दें कि तीसरा दिन बारिश, खराब रोशनी और गीली आउटफील्ड की भेंट चढ़ गया। इस कारण तीसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। हालांकि, अब मैच में सिर्फ 2 दिन ही शेष हैं, जबकि 31 विकेट गिरना शेष हैं। ऐसे में इस मैच का नतीजा निकलेगा इसकी संभावना कम है, लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है, इसलिए कुछ भी संभव है।

18:57 (IST)16 Aug 2020
पाकिस्तान की लचर रही है बल्लेबाजी

इस मैच में पाकिस्तान का अब तक प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इस मैच में अब तक उसके सिर्फ 2 बल्लेबाज ही अर्धशतक बना पाए हैं। उसके अन्य सभी बल्लेबाज बुरी तरह फ्लाप रहे हैं। पाकिस्तान के इस प्रदर्शन पर पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक अपना गुस्सा भी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने यहां तक कह डाला था कि पाकिस्तान के बल्लेबाज इंग्लैंड में शॉट खेलने से डरते हैं।

17:30 (IST)16 Aug 2020
बारिश के कारण 100 ओवरों का भी नहीं हो पाया खेल

एक बार बारिश ने फिर मैच में खलल डाला है। बारिश के कारण अब तक इस मैच में 100 ओवरों का खेल नहीं हो पाया है। शुरुआती दो दिनों में कुल 86 ओवरों का मैच हो पाया था। तीसरे दिन एक भी गेंद फेंकी नहीं जा सकी। आज चौथा दिन है। आज भी अब तक कुल 10.2 ओवर ही फेंके जा सके हैं।

15:59 (IST)16 Aug 2020
91.2 ओवरों में सिमटी पाकिस्तान की पहली पारी

पाकिस्तान की पहली पारी 91.2 ओवरों में 236 रन पर ऑलआउट हुई। दूसरे दिन का खेल जब खत्म हुआ था, उस समय पाकिस्तान ने पहली पारी में 9 विकेट पर 223 रन बनाए थे। विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान 60 और नसीम शाह एक रन बनाकर नाबाद थे। तीसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। हालांकि, क्रिकेट फैंस के लिए खुशी की बात यह है कि चौथे दिन ऐसा कोई संकट नहीं दिखाई दे रहा है। अभी बादल बिल्कुल साफ हैं। ऐसे में दोनों टीमें अब ईश्वर से यही मना रही होंगी कि आगे का खेल बारिश और खराब रोशनी की भेंट नहीं चढ़े।

15:40 (IST)16 Aug 2020
लेग बाई से मिला एक रन

अगला ओवर स्टुअर्ट ब्राड लेकर आए। ब्राड के लिए कप्तान जो रूट ने तीन स्लिप लगाईं हैं। यानी बैट्समैन जरा भी चूके और पाकिस्तानी पारी का अंत तय। ब्रॉड भी 130 से ज्यादा की रफ्तार से गेंद फेंक रहे हैं। सामने रिजवान हैं। शुरुआती 4 गेंदों में रिजवान कोई रन नहीं ले पाए। पांचवीं गेंद पर लेग बाई से एक रन आया। अब नसीम ने गार्ड लिया है। पिछले ओवर की तरह उन्होंने इसमें भी कोई रन नहीं लिया।

15:35 (IST)16 Aug 2020
चौथा दिन, पहला ओवर, एक रन, बीट भी हुए रिजवान

चौथे दिन की पहली गेंद जेम्स एंडरसन ने फेंकी। सामने मोहम्मद रिजवान थे। उन्होंने इस पर कोई रन नहीं लिया। दूसरी गेंद भी उन्होंने खाली छोड़ दी। तीसरी गेंद एंडरसन ने 137 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी। रिजवान ने कोई रन नहीं लिया। चौथी गेंद की स्पीड भी इतनी ही रही। यह एक बड़ी आउट सीमर थी। इस पर रिजवान बीट हुए। हालांकि, उनका विकेट बचा रहा। पांचवीं गेंद पर रिजवान ने आखिरकार एक रन ले ही लिया। अगली गेंद नसीम शाह ने बड़े सम्मान के साथ खेल दी।