बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री दिशा पटानी को सिर्फ फिल्मों से नहीं बल्कि क्रिकेट से भी प्यार है। वो भारतीय क्रिकेट टीम के मैचों को मिस करना नहीं चाहती है। उन्होंने 2016 में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के ऊपर बनी फिल्म M.S. Dhoni: The Untold Story में नजर आई थीं। दिशा ने एक इंटरव्यू में अपने फेवरेट क्रिकेटर के बारे में बताया था। हैरानी की बात है कि उन्होंने धोनी के अलावा कप्तान विराट कोहली और हिटमैन रोहित शर्मा का नाम भी नहीं लिया था।

दिशा ने टीम इंडिया के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अपना फेवरेट क्रिकेटर बताया था। दिशा ने कहा था, ‘‘अगर मुझे टीम इंडिया में कोई एक मैच विनिंग क्रिकेटर चुनना पड़े तो मैं जसप्रीत बुमराह को चुनूंगी। जसप्रीत हमारे पास मौजूद प्लेयर्स में सबसे बेहतरीन हैं।’’ विराट को मौजूदा समय में सबसे महान क्रिकेटर बताया जाता है। वहीं, रोहित को सीमित ओवरों में बहुत बेहतरीन माना जाता है। दूसरी ओर, बुमराह यॉर्कर किंग कहे जाते हैं। उन्होंने अपने यॉर्कर से सिर्फ आईपीएल नहीं बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी धमाल मचाया है।

दिशा की बात करें तो उन्होंने 2015 में तेलुगू फिल्म लोफर से करियर की शुरुआत की थी। हिंदी फिल्मों में उनकी शुरुआत एमएस धोनी: द अनटॉल्ड स्टोरी से हुई थी। इसके बाद 2017 में चीनी फिल्म कुंग फू योगा में अभिनय किया। इसे हिंदी में भी रिलीज किया गया था। दिशा 2018 में वेलकम टू न्यूयॉर्क और बागी 2, 2019 में भारत, 2020 में मलंग और 2021 में राधे फिल्म में नजर आई थीं।

जसप्रीत बुमराह भारत के टॉप-3 खिलाड़ियों में एक हैं। वे सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में ए-प्लस ग्रुप में हैं। उनके साथ विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं। इन तीनों को 7-7 करोड़ रुपए सलाना मिलते हैं। बुमराह के करियर की बात करें तो उन्होंने जनवरी 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2016 में ही उन्होंने टी20 डेब्यू किया है। टेस्ट डेब्यू उन्होंने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया था।