महेंद्र सिंह धोनी करीब नौ महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिखाई नहीं दिए हैं। वे आखिरी बार 10 जुलाई 2019 को वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरे थे। भारत वह मैच हार गया था। उस मैच में टीम इंडिया की ओर से 4 विकेटकीपर बल्लेबाज (महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत और केएल राहुल) मैदान पर उतरे थे।
उस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में से धोनी और कार्तिक ही ऐसे हैं, जिन्होंने तब से अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। धोनी आईपीएल में चेन्नई और कार्तिक कोलकाता की अगुआई करने वाले थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते यह टूर्नामेंट अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। धोनी भले ही सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं रहते हों, लेकिन कार्तिक फैंस को अक्सर अपने अपडेट देते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर पंड्या बंधुओं से भी बातचीत की। जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
कार्तिक की वाइफ दीपिका पल्लीकल भी काफी प्रसिद्ध खेल शख्सियत हैं। वे स्क्वैश की महिला वर्ल्ड रैंकिंग के टॉप-10 में रह चुकी हैं। वे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं। दीपिका दिनेश कार्तिक से मिलने से पहले क्रिकेटरों से बहुत चिढ़ती थीं। वह भी तब जब उनकी मां सुसान पल्लीकल खुद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रह चुकी हैं। सुसान टेस्ट और वनडे दोनों में भारत का प्रतिनिधत्व कर चुकी हैं। वे दाएं हाथ की तेज गेंदबाज थीं।
दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल की लव स्टोरी भी उनकी शख्सियत की तरह खास है। दीपिका ने एक इंटरव्यू में बताया था कि कार्तिक को उनके मम्मी-पापा पहले से जानते थे। दरअसल, दीपिका की मां सुसान खिलाड़ियों के लिए विदेश में फ्लाइट बुकिंग के काम से जुड़ी थीं। यही कारण था कि कार्तिक दीपिका के परिवार से परिचित थे। बहुत से फैंस जानते हैं कि दीपिका और कार्तिक की पहली मुलाकात एक जिम में हुई थी। हालांकि, यह सही नहीं है।
दीपिका के मुताबिक, जिम में मिलने से करीब 5 साल पहले दोनों की मुलाकात एक मैराथन में हुई थी। दीपिका कार्तिक से मिलने से पहले क्रिकेटरों से नफरत करती थीं। दरअसल, इसके पीछे भारत की स्क्वैश क्वीन का मानना था कि क्रिकेट के कारण ही देश में अन्य खेलों को उतना महत्व नहीं दिया जाता। बहुत ज्यादा मीडिया अटेंशन नहीं मिलता। क्रिकेटरों को जितनी प्रसिद्धि उतनी ही अन्य खिलाड़ियों को भी मिलनी चाहिए।
शायद यही वजह रही होगी कि जिम में मिलने के बाद उन्होंने दिनेश कार्तिक को इग्नोर कर दिया था। दीपिका के मुताबिक, वे कार्तिक को बिना बॉय बोले ही प्रैक्टिस सेशन से चली गईं थीं। हालांकि, कार्तिक शायद उन्हें पहली नजर में ही दिल दे बैठे थे। दीपिका के मुताबिक, दिनेश ने मुझे जब पहली बार मैसेज किया तो हॉय, हैलो कहने के बजाय सीधा डिनर का निमंत्रण दे दिया, लेकिन मैंने टाल दिया था। लेकिन कार्तिक ने हार नहीं मानी और लगातर मैसेज कर डिनर के लिए बुलाते थे। एक दिन दीपिका ने पिंड छुड़ाने की सोचकर कार्तिक को सुबह 7 बजे मिलने का वक्त दे दिया। कार्तिक ने कहा कि ठीक है। कार्तिक ने अगले दिन उनसे दो बार मुलाकात की और आखिर में प्रपोज कर दिया।
दीपिका ने बताया, जब मैंने अपनी मां को यह बात बताई तो उन्हें बहुत बड़ा झटका लगा। दरअसल, कार्तिक हिंदू थे, जबकि हम क्रिश्चियन। दूसरा कार्तिक की पहले भी एक शादी हो चुकी थी। हालांकि, तब उनका निकिता के साथ तलाक हो गया था। दिनेश से मिलने और काफी कोशिशों के बाद मां तैयार हो गईं। करीब 8-9 महीने रिलेशनशिप में रहने के बाद हमने सगाई की और तीन साल बाद शादी। यह भी शायद कम लोगों को मालूम होगा कि दोनों 2014 में शादी करने वाले थे, लेकिन कार्तिक और दीपिका के व्यस्त रहने के चलते दोनों 2015 में शादी के बंधन में बंधे। दिनेश और दीपिका की दो बार शादी हुई। पहली 18 अगस्त 2015 और दूसरी 20 अगस्त 2015 को। चूंकि दीपिका क्रिश्चियन हैं, इसलिए 18 अगस्त को ईसाई रीति-रिवाज और 20 अगस्त को हिंदू हिंदू रीतिरिवाज से शादी की।