आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान भारतीय ऑलराउंडर कौशल तांबे बल्लेबाजी से भले ही कमाल नहीं दिखा पाए, लेकिन उन्होंने फील्डिंग के दौरान एक शानदार कैच लपका। इस फाइनल मैच में भारतीय विकेटकीपर दिनेश बाना ने छक्का लगाकर भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाया।
बाना के इस तरह छक्का लगाकर टीम को चैंपियन बनाने के बाद क्रिकेट फैंस की नजरों के सामने 2011 वर्ल्ड कप का नजारा घूम गया। तब कप्तान और विकेटकीपर एमस धोनी ने छक्का लगाकर भारत को 28 साल बाद भारत को वनडे में वर्ल्ड चैंपियन बनाया था। आईसीसी ने कौशल तांबे का कैच लेने और दिनेश बाना का छक्का लगाकर मैच जिताने वाले वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किए हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
कौशल के हाथ से पहले छूटा कैच, फिर एक हाथ से लपकी गेंद
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए फाइनल में पारी के 44वें ओवर में यह वाकया हुआ। रवि कुमार की गेंद में जेम्स रियू ने डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का लगाने की कोशिश की। उनकी टाइमिंग मिस हुई गेंद मैदान के भीतर ही रह गई। डीप स्क्वायर लेग पर कौशल तांबे पहले से मौजूद थे।
हालांकि, पहले गेंद उनके हाथों में आकर फिसल गई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में डाइव लगाकर कैच पकड़ने में कामयाब रहे। कौशल के कैच लपकने के चलते ही जेम्स रियू 5 रन के अंतर से अपना शतक पूरा करने से चूक गए।
कौशल तांबे 2022 Under-19 वर्ल्ड कप में गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी साबित हुए। उन्होंने 5 पारियों में 87 रन बनाने के अलावा 7 विकेट भी चटकाए। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मेगा ऑक्शन में भी कौशल तांबे पर फ्रैंचाइजीस बोली लगा सकती हैं। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए है।
आईसीसी ने शेयर किया दिनेश बाना और महेंद्र सिंह धोनी का छक्का लगाने वाला कम्बाइंड वीडियो
2011 आईसीसी विश्व कप फाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। उस मैच में धोनी ने नुवान कुलाशेखरा की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को खिताबी जीत दिलाई थी। उनका यह शॉट फैंस के दिलों में सदा के लिए बस चुका है। अब दिनेश बाना ने एमएस धोनी की स्टाइल में मैच फिनिश कर लोगों को अपना मुरीद बना लिया है।
बता दें कि दिनेश बाना आक्रामक बल्लेबाजी करने में माहिर हैं। उन्होंने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी आखिरी 9 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। दिनेश बाना ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 5 गेंद पर 13 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 4 गेंद पर 20 रन बनाए थे।