अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो मैराडोना एक बार फिर से विवादों में हैं। इस बार वे अपनी बेटियों के कारण चर्चा में हैं। दरअसल, उनकी दोनों बेटियां उन्हें कोर्ट में घसीटने का प्लान बन रही हैं। मैराडोना की बेटियां उनके नशे की लत से परेशान हैं। दोनों को कई बार सार्वजनिक जगहों पर पिता के कारण शर्मिदगी महसूस करनी पड़ी है। मैराडोना की बेटियों ने (जिआनिना और डालमा) मीडिया के सामने इस बात को रखने की जगह कोर्ट में पिता को हाजिर करवाने का प्लान बनाया है।

अर्जेंटीना के इस महान फुटबॉलर को लंबे समय से शराब की लत लगी हुई है। वे सार्वजनिक जगहों पर सिगरेट और शराब पीते कई बार नजर आ चुके हैं। उनका परिवार उनकी भलाई चाह रहा है। इसलिए बेटियों ने इस मामले को कोर्ट में ले जाने के बारे में सोचा है। जिआनिना की शादी मैनचेस्टर सिटी के स्टार स्ट्राइकर सर्जियो एगुएरो से हुई थी। उनकी शादी 2008 से 2012 तक चली। इसके बाद दोनों अलग हो गए थे। जिआनिना ने ही सबसे पहले कोर्ट जाने का प्लान बनाया।

31 साल की जिआनिना एक फैशन डिजाइनर हैं। वे अपने पिता को पिछले कई सालों से नशे के कारण मुश्किलों का सामना करते देख रही हैं। हाल ही में मैराडोना नशे के कारण ही अस्पताल में भर्ती हुए थे। यहां तक कि एक पार्टी के दौरान वे अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड वेरोनिको ओजेडा के साथ डांस करते समय नंगे हो गए थे। उनकी पैंट उतर गई थी। उस समय मैराडोना की बेटियों को काफी बुरा लगा था। महान फुटबॉलर का वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।

जिआनिना ने अर्जेंटीना टीवी शो पर कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे अपनी पिता को किस तरह कोर्ट तक ले जाएंगी। इस मामले में उन्हें बहन डालमा का भी समर्थन मिला हुआ है। जिआनिना ने कहा, ‘‘मैं फिलहाल उस सीमा तक पहुंच चुकी हूं जहां मुझे अपने पिता को एक्सपोज नहीं करना है। मैं ऐसा सिर्फ जज के सामने ही करूंगी। इसलिए यह पूरी तर न्यायिक होगा।’’ मैराडोना की कप्तानी में अर्जेंटीना की टीम वर्ल्ड कप जीत चुकी है। वे फिलहाल एक सेकंड डिविजन टीम के मैनेजर हैं।