एमएस धोनी (Mahendra Singh Dhoni) अपने क्रिकेट करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। वह लगभग दो साल पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि, रांची के रहने वाले इस विकेटकीपर-बल्लेबाज का चार्म अब भी बरकरार है। साथी ही नहीं, विरोधी टीम के खिलाड़ी भी उनकी प्रतिभा के कायल हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में बड़ी हिट के साथ फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) ने महेंद्र सिंह धोनी के बारे में बात करते हुए उस घटना को याद किया जब दोनों ने कोलकाता में एक स्थानीय टूर्नामेंट के दौरान पारी की शुरुआत की थी। ऋद्धिमान साहा के इस वीडियो को गुजरात टाइटंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया है।
वीडियो में साहा कह रहे हैं, ‘महेंद्र सिंह धोनी एक जाना-माना नाम है। धोनी भाई को पूरी दुनिया पहचानती है। एक बार हम बहुत समय पहले कोलकाता में एक टूर्नामेंट में खेले थे। उस टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी को आमंत्रित किया गया था। मुझे याद है कि धोनी ने तब कुछ दिन पहले ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू (एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में) किया था। उस समय वह बहुत मारते थे। उन्हें सबसे खतरनाक बॉल हिटर में से एक माना जाता था।’
बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने कहा, ‘हमने एक साथ पारी की शुरुआत की। मैंने भी मारना चालू किया। मुझे याद है कि धोनी को ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली थी। मैं 36 रन पर बल्लेबाजी कर रहा था और वह 9 रन पर थे। उन्होंने मुझसे कहा कि एक सिंगल लेकर स्ट्राइक मुझे दे दो। मैंने एक रन लेकर स्ट्राइक धोनी भाई को दे दी। उसके बाद मेरा स्कोर 41 रन था और धोनी भाई का शतक हो गया था। बहुत मारा था धोनी भाई ने तब।’
ऋद्धिमान साहा ने बताया, ‘जब भी मैंने धोनी भाई के साथ भारतीय टीम या आईपीएल में समय गुजारा, तो मेरी कोशिश यही रहती थी कि बतौर विकेटकीपर या बतौर बल्लेबाज भी कौन सी परिस्थिति में क्या कर सकते हैं, मैं उनसे जानूं। विशेषकर आप बोल सकते हैं कि मेरा स्वभाव भी धोनी भाई की तरह का है, शांत रहकर अपना काम कर दिखाने का और हमेशा पॉजिटिव रहने का।’
महेंद्र सिंह धोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2022 की शुरुआत से कुछ दिन पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान का पद छोड़ दिया। पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व करने वाले ऋद्धिमान साहा को नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस ने 1.9 करोड़ रुपए में अनुबंधित किया है।