दिल्ली कैपिटल्स की टीम का चोरी हुआ सामान दिल्ली पुलिस ने बरामद कर लिया है। डीसी के कप्तान डेविड वार्नर ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी है। डेविड वार्नर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया है कि चोरी करने वालों का पता लग गया है, लेकिन अभी भी हमारा कुछ सामान मिसिंग है, लेकिन इस मदद के लिए शुक्रिया। आपको बता दें कि दो दिन पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम का करीब लाखों का सामान चोरी हो गया था, जिसमें 17 लाख रुपए के तो बल्ले ही बताए जा रहे थे।
लाखों के बैट हुए थे गायब
दिल्ली कैपिटल्स के खेमे से यह चोरी गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले हुई थी। जानकारी के मुताबिक, टीम के किट बैग से करीब 35 चीजें गायब हुई थीं। इसमें 16-17 बैट थे। इसके अलावा पैड्स, थाई पैड्स, जूते और ग्लव् भी गायब हो गए थे। यह सामान टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, फिल सॉल्ट और यश ढुल का था। इसके अलावा कुछ खिलाड़ियों के बैग से जूते और दस्ताने भी गायब हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, खिलाड़ियों के कमरे में जब किट बैग पहुंचे तब उन्हें पता चला कि कुछ सामान गायब है। उन्होंने इस बारे में फ्रैंचाइजी को जानकारी दी। दिल्ली कैपिटल्स ने इस चोरी को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो दिन में ही चोरी सामान को बरामद कर लिया।
सामान चोरी होने के बाद दिल्ली की टीम ने मंगलवार को किसी तरह से प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया था। इसके बाद गुरुवार को टीम ने मैच भी खेला और केकेआर के खिलाफ मैच को 4 विकेट से जीत भी लिया। दिल्ली कैपिटल्स की यह सीजन की पहली जीत थी। दिल्ली को लगातार पांच हार के बाद यह पहली जीत मिली थी।
IPL Teams 2023 |
IPL 2023 Schedule |
IPL Points Table |
IPL Stats |