इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)में रविवार (27 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट पर 162 रन पर रोक दिया। यह इस सीजन दिल्ली का सबसे कम स्कोर है। भुवनेश्वर कुमार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन किया।

भुवनेश्वर ने 3 विकेट लिए और आईपीएल के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए। उन्होंने केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा को पवेलियन भेजा। 9 मैच में उनके 12 विकेट हो गए हैं। दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन राहुल ने बनाए। उन्होंने 41 रन की पारी खेली। इसके साथ ही वह आरसीबी के खिलाफ सबसे बेहतरीन औसत वाले खिलाड़ी बन गए।

भुवनेश्वर कुमार के 193 विकेट

आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट युजवेंद्र चहल के नाम है। उन्होंने 214 विकेट लिए हैं। भुवनेश्वर कुमार के 193 विकेट हो गए हैं। उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पीयूष चावला को पीछे छोड़ दिया। चावला के 192 विकेट हैं। सुनील नरेन के 187, रविचंद्रन अश्विन के 185 और ड्वेन ब्रावो के 183 विकेट हैं।

केएल राहुल का 70 से ज्यादा का औसत

केएल राहुल का मुंबई इंडियंस के बाद आरसीबी के खिलाफ 70 से ज्यादा का औसत हो गया है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 74.23 के औसत से 965 रन बनाए हैं। आरसीबी के खिलाफ 782 रन 71.09 के औसत से बनाए हैं। शुभमन गिल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 61.55 के औसत से 554 रन बनाए हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ एबी डिविलियर्स ने 57.50 के औसत से 575 रन बनाए हैं।